रामपुर। सपा नेता आजम खां ने एक बार फिर अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा है कि यदि उनसे एक भी ज्यादती साबित हो जाए तो वह सारी ज्यादतियों की जिम्मेदारी ले लेंगे। दिल्ली से मेडिकल चेकअप के बाद रामपुर पहुंचे आजम खां ने एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में अपना दर्द साझा किया।
आजम खां ने कहा, मैं जुल्म कर ही नहीं सकता। मैंने अपनी सभाओं में हमेशा कहा है कि अगर मैंने किसी धर्म या जाति के साथ नाइंसाफी की हो तो अल्लाह मुझे माफ न करे। उन्होंने जमीन कब्जे के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि वह सरकारी जमीन थी जिस पर गरीबों के लिए आवास बनाए गए थे।
सपा नेता ने राजनीति में आने के बारे में कहा, मैं तो लेक्चरर बनना चाहता था, जबर्दस्ती सियासत में आया। आजम खां बनने के लिए सौ साल चाहिए। दूसरे दल में जाने की अटकलों पर उन्होंने साफ कहा, हम न धोखा दें और न ही धोखा खाएं। मैं दिल से सियासत करता हूं, दिमाग से नहीं।
इस बीच, आजम खां रामपुर में अपने समर्थकों से मिलते रहे और उनके आवास पर लगातार समर्थकों का तांता लगा रहा।