रामपुर/स्वार/टांडा/शाहबाद। जिलेभर में बुधवार को बकरीद का पर्व मनाया गया। कोविड-19 के नियमों के तहत मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की और फजीलत बयान की। इसके बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ। इस दौरान कोरोना के खात्मा व देश और कौम की तरक्की के लिए दुआ की गई।
कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर लागू पाबंदियों के चलते मस्जिदों में निर्धारित संख्या में ही लोग ईद की नमाज अदा करने के लिए पहुंचे। अधिकांश लोगों ने अपने घरों में ही ईद की नमाज अदा की। इसके बाद कुर्बानी देने का सिलसिला शुरू हुआ। कोरोना गाइडलाइन के अनुपालन के साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम और नगर मजिस्ट्रेट रामजी मिश्रा समेत तमाम पुलिस एवं प्रशासनिक अफसरों ने शहर के तमाम इलाकों का भ्रमण किया। लोगों ने मोबाइल फोन एवं सोशल मीडिया के माध्यम से एक दूसरे को बकरीद की बधाई दी। मस्जिदों और शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस फोर्स तैनात रही।
वहीं, स्वार में कोरोना गाइडलाइन के मुताबिक बकरीद का त्योहार मनाया गया। प्रशासन के निर्देशों के अनुसार ही मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई। वहीं, नगर पंचायत नरपत नगर दुंदावाला, मीरापुर, समोदिया, सौनकपुर, रजानगर, मिलकदुंदी सहित ग्रामीण क्षेत्रों की मस्जिदों एवं घरों में नमाज अदा की गई। बाद में निर्धारित स्थानों पर कुर्बानी का सिलसिला शुरू हो गया। इस दौरान उप जिलाधिकारी यमुनाधर चौहान, पुलिस क्षेत्राधिकारी धर्म सिंह मार्छाल, तहसीलदार आर्ची गुप्ता, कोतवाल आरएस बघेल गश्त करते रहे। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रो में मस्जिदों में नमाज शांति पूर्ण ढंग से होने पर पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।
शाहबाद क्षेत्र में बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में निपट गया। मस्जिदों में गाइडलाइन के अनुसार सीमित संख्या में लोगों ने ही नमाज अदा की। नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने कुर्बानी की। नगर की जामा मस्जिद में शहर इमाम सैय्यद अब्दुल जब्बार ने नमाज अदा कराई। नमाज के बाद खुतबा पढ़ा गया। इसके बाद दुआ की गई। दुआ में विश्व मे फैली बीमारी कोरोना के खात्मे के लिए दुआ की गई और देश में अमन व चैन की दुआ की। इस दौरान नगर की काजी वाली मस्जिद में मौलाना उमर और हजीरे वाली मस्जिद में इमाम अनीस अहमद ने नमाज अदा कराई। मस्जिद के इमामों ने कुर्बानी को लेकर बयान किया गया। नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने अल्लाह की राह में कुर्बानी की। दूसरी ओर पटवाई क्षेत्र की समस्त मस्जिदों में नमाज अदा की गई। नमाज के बाद खुतबा पढ़ा गया और दुआ की गई। पटवाई की जामा मस्जिद सहित इमाम बाड़े वाली मस्जिद में इमाम मुफ्ती वसीम रजा ने नमाज अदा कराई। यहां पर भी नमाज के बाद कुर्बानी की गई। त्यौहार को मद्देनजर शाहबाद में नवागत एसडीएम मनोज कुमार सागर, सीओ श्रीकांत प्रजापति, कोतवाल शिवचरन सिंह, सहित ढकिया चौकी इंचार्ज सक्रिय रहे। जबकि, पटवाई में थाना प्रभारी अमरीश कुमार सुरक्षा की दृष्टि से मुस्तैद रहे।
टांडा नगर में कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव के बीच बकरीद बुधवार को अकीदत व सादगी के साथ मनाई गई। बुधवार से शुरू होने वाली कुर्बानी का सिलसिला शुक्रवार की शाम तक चलेगा। लॉकडाउन के बीच मुसलमानों ने कुर्बानी के जानवर खरीद लिए थे, जिन्हें बुधवार को कुर्बान करना शुरू कर दिया। यहां लोगों ने दो दिन पहले ही सेवईयों के भी इंतजाम पूरा कर लिए गए थे। मस्जिद में कोरोना संक्रमण की गाइडलाइन के मुताबिक केवल सीमित संख्या में ही लोगों ने ही बकरीद के लिए नमाज अदा की। बाकी, अवाम घरों में चार रकात नफ्ल नमाज चाश्त की अदा कर कोरोना वायरस से निजात की दुआ मांगी। नमाज के बाद घरों में ही कुर्बानी दी गई। वही, नगर पालिका ने नगर के सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने में लिए उसे तीन सेक्टर में बांट कर तीन सफाई नायकों को नियुक्त कर दिया। जिससे दिनभर नगर पालिका सफाई कर्मी कुर्बानी के बाद बचे जानवरों के अवशेष को नगर पालिका के बनाए गए एमआरएफ सेंटर के समीप गड्ढों में दबाते रहे।