रामपुर। विवाहिता की गला घोंटकर हत्या करने के मामले में कोर्ट ने पति व उसकी प्रेमिका को दोषी मानते हुए दोनों को उम्रकैद व दस-दस हजार रुपये का जुर्माना अदा करने की सजा सुनाई है।
हत्या का यह मामला स्वार कोतवाली क्षेत्र का है। मिलक खानम थाना क्षेत्र के नानकारैन निवासी सुखदेव सिंह ने 29 मार्च 2024 को स्वार कोतवाली में तहरीर दी थी, जिसमें कहा था कि उनकी चचेरी बहन चरणजीत कौर की शादी भगवंतनगर निवासी अमरीक सिंह के साथ हुई थी। उनकी बहन के तीन बच्चे हैं। तहरीर में अमरीक सिंह पर चरणजीत कौर की हत्या करने का आरोप लगाया गया था।
पुलिस ने अमरीक सिंह के खिलाफ गला घोंटकर हत्या का मामला दर्ज किया था। विवेचना के बाद अमरीक सिंह के अलावा उसकी प्रेमिका अमनदीप कौर के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की गई। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, जिसके चलते अमरीक सिंह ने गला घोंटकर हत्या की और अमनदीप कौर को षड्यंत्र रचने का आरोपी बनाया गया।
सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से गवाह पेश किए गए, जबकि बचाव पक्ष ने दोनों को निर्दोष बताया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने दोनों को दोषी करार दिया।
एडीजीसी प्रताप सिंह मौर्य ने बताया कि इस मामले में अमरीक सिंह व उसकी प्रेमिका अमनदीप कौर को दोषी मानते हुए दोनों को उम्रकैद व दस-दस हजार रुपये जुर्माना अदा करने की सजा सुनाई गई है। जुर्माना अदा न करने पर अतिरिक्त कारावास की सजा भुगतनी होगी।