सैदनगर। अजीमनगर थाना क्षेत्र के गांव पाईदा नगर में बिजली का तार जोड़ते समय करंट लगने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। युवक हरियाणा के पानीपत में बिरयानी होटल संचालित करता था और ईद मनाने के लिए गांव आया हुआ था।
जानकारी के अनुसार, पाईदा नगर निवासी रियासत अली का पुत्र सानिव घर में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान बिजली की वायरिंग कर रहा था। इसी दौरान उसका हाथ अचानक चालू लाइन के नंगे तार से छू गया और वह करंट की चपेट में आ गया। करंट का झटका इतना तेज था कि वह गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा।
परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष कर्मपाल ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है।