धमोरा। शहजादनगर थाना क्षेत्र के शंकरपुर चौराहे पर सवारी का इंतजार कर रहे होटल संचालक साजिद (26) को रॉन्ग साइड से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल साजिद की हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सायमीन और दो छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया, जबकि विधवा मां का सहारा भी छिन गया।
शहजादनगर थाना क्षेत्र के कमोरा गांव निवासी साजिद शंकरपुर चौराहे पर खड़े होकर सवारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान शंकरपुर की तरफ से रॉन्ग साइड में आ रहे बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से साजिद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जबकि बाइक सवार भाग निकला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भिजवाया।
वहां साजिद की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। साजिद की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
साजिद परिवार का भरण-पोषण करने के लिए खाने का होटल चलाते थे। परिवार में पत्नी सायमीन के अलावा पांच और तीन साल के दो छोटे बच्चे हैं। उनकी विधवा मां भी परिवार में हैं। साजिद ही परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनकी अचानक मौत से पत्नी, मासूम बच्चों और मां के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है। थानाध्यक्ष कुलदीप राणा ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।