रामपुर। हनी ट्रैप मामले में उत्तराखंड पुलिस द्वारा गिरफ्तार दीपक से रामपुर पुलिस पूछताछ करेगी। इसके लिए पुलिस ने कोर्ट से अनुमति मांगी है। दीपक इस वक्त उत्तराखंड के हल्द्वानी जेल में बंद है।
गदरपुर पुलिस ने 26 जनवरी को प्राथमिकी दर्ज की थी, जिसमें सामने आया था कि रामपुर निवासी जोहर उर्फ महक निवासी मोहल्ला चादरवाला बाग (रामपुर), अहमद निवासी राजेंद्र नगर और रोहन सैनी मिलकर सोशल मीडिया के माध्यम से युवकों को झांसे में लेते थे।
इसके बाद अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर मोटी रकम वसूलते थे। इस मामले में गदरपुर पुलिस ने कुछ माह पहले जोहर उर्फ महक और राबिया को गिरफ्तार कर जेल भेजा था जबकि पिछले सप्ताह पुलिस ने सिविल लाइंस क्षेत्र के शिवापुरम कॉलोनी निवासी दीपक को गिरफ्तार किया था।
इन लोगों के खिलाफ रामपुर के गंज थाने में भी केस दर्ज है। इस मामले में गंज पुलिस गदरपुर पुलिस द्वारा गिरफ्तार दीपक से पूछताछ की तैयारी कर रही है। गंज कोतवाल पवन कुमार शर्मा ने बताया कि उनके थाने में जिया की ओर से भी मामला दर्ज कराया गया था। इस मामले में दीपक से पूछताछ के लिए तैयारी की जा रही है। इसके लिए कोर्ट से अनुमति मांगी गई है। उम्मीद है कि इससे पूछताछ के बाद कई और चेहरे बेनकाब होंगे।
-
एडीजी के आदेश पर सक्रिय हुई पुलिस
रामपुर। बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा की नाराजगी के बाद इस मामले में पुलिस सक्रिय हो गई है। एडीजी ने इस संबंध में पुलिस को आवश्यक कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। संवाद