केमरी। चार दिन पूर्व एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए ग्रामीण की इलाज के दौरान मौत हो गई। ग्रामीण की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं, तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
क्षेत्र के ग्राम रामनगरिया निवासी चंद्रपाल (60) मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करते थे। मंगलवार को चंद्रपाल अपने बेटे के साथ गैस सिलिंडर लेने खानपुर स्थित गैस एजेंसी पर गए हुए थे। घर वापस आने के लिए वह सड़क किनारे खड़े होकर किसी सवारी का इंतजार कर रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने उनके टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से चंद्रपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें लेकर रामपुर एक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उन्हें मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया। बृहस्पतिवार देर रात मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान चंद्रपाल की मौत हो गई।
थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान ने बताया कि एक मार्च को मृतक के भतीजे की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।