रामपुर। जिले में होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच पहले दिन संपन्न हो गई। पहले दिन दोनों पालियों मे 1255 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इस दौरान परीक्षा में अभ्यर्थियों से पूछा गया कि यू ट्यूब पर पहला वीडियो किसने अपलोड किया। इसी तरह के अन्य सवालों ने अभ्यर्थियों के होश उड़ा दिए। ज्यादार अभ्यर्थियों का कहना था कि प्रश्न पत्र काफी कठिन था। परीक्षा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
शनिवार से होमगार्ड भर्ती परीक्षा शुरू हो गई। यह परीक्षा तीन दिन तक दो पालियों में चलेगी। पहले दिन जिले के 11 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा का आयोजन किया गया था। बरेली, मुरादाबाद, अमरोहा व बिजनौर जिले अभ्यर्थियों का सुबह से ही पहुंचना शुरू हो गया था। दो पालियों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा संपन्न हुई। इस दौरान डीएम अजय कुमार द्विवेदी, एसपी सोमेंद्र मीणा व एएसपी अनुराग सिंह ने परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों से विभिन्न सवालों के जवाब पूछे गए। मसलन, यू टयूब पर पहला वीडियो किसने अपलोड किया है। इसके अलावा शहरी नक्सल शब्द का क्या अर्थ है? अंतरराष्ट्रीय न्यायालय की स्थापना कब हुई है जैसे सवालों को देखकर अभ्यर्थियों के चेहरे पर तनाव बढ़ गया। कठिन सवालों से अभ्यर्थी जूझते हुए नजर आए। दोनों पालियों की परीक्षा संपन्न हो गई।
डीएम व एएसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का दौरा
शनिवार को अपने निर्धारित समय पर परीक्षा शुरू हो गई। परीक्षा शुरू होने से करीब एक घंटा पहले परीक्षार्थियों को सघन चेकिंग के बाद अंदर जाने दिया गया। पहली पाली में डीएम अजय कुमार द्विवेदी और एएसपी अनुराग सिंह ने केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मौजूद लोगों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।
-
पहले दिन की परीक्षा पर नजर
पहली पाली में पंजीकृत2784
कुल उपस्थित-2135
उपस्थिति प्रतिशत-76.68
कुल उपस्थिति-649
-
दूसरी पाली में पंजीकृत-2784
कुल उपस्थित-2177
उपस्थिति प्रतिशत-78.20 फीसदी
गैर हाजिर-607
-
बसों का इंतजार, ट्रेनों में सीटों के लिए मारामारी
क्रासर
-रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का इंतजार करते दिखाई दिए परीक्षार्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। होमगार्ड भर्ती परीक्षा में पहले दिन परीक्षार्थियों की सफर ने खूब परीक्षा ली। रोडवेज और रेलवे स्टेशन पर भीड़ होने के चलते लोगों को सीटों के लिए मारामारी करनी पड़ी। हर कोई जल्दी जाने की होड़ में धक्कामुक्की करता दिखाई दिया। दिन भर लोग स्टेशन पर आवागमन करते रहे। परीक्षार्थी बताते हैं कि लंबे सफर में बैठने की जगह कम ही थी। कई लोगों ने खड़े होकर सफर किया।
रामपुर में होमगार्ड की परीक्षा में 5486 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा से एक रात पहले से परीक्षार्थियों का आना-जाना शुरू हो गया था। जबकि शनिवार सुबह से परीक्षार्थी ट्रेनों और बसों में सवार होकर पहुंचे। इसमें रोडवेज डिपो में यात्री काफी कम ही रहे, लेकिन इनको भी बाहरी बसों का काफी इंतजार करना पड़ा। लोग घंटों यहां से इंतजार करते दिखाई दिए। डिपो से बरेली, मुरादाबाद की तरफ काफी अधिक लोगों का आना-जाना रहा, जबकि अन्य दूर-दराज वाले इलाकों में लोगां ने ट्रेनों का सहारा लिया। रेलवे स्टेशन पर सुबह से भीड़ हो गई। काफी लोग ट्रेनों का इंतजार करते दिखाई दिए। लोग सीट पाने के लिए होड़ में ट्रेनों पर चढ़ते दिखाई दिए। अवध असम, आला हजरत, इंटरसिटी एक्सप्रेस, सत्याग्रह एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों में यात्रियों की काफी भीड़ रही।
टिकट काउंटर पर लगी रही भीड़
रामपुर। होमगार्ड की परीक्षा के लिए दिन भर लोगों का आवागमन होता रहा। टिकट काउंटर पर भी कतारें लगी रही। लोग टिकट पाने के लिए एक दूसरे से धक्कामुक्की करते दिखाई दिए।
-
घूमती रही जीआरपी-आरपीएफ की टीम
रामपुर। रामपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम लगातार घूमती रही और लोगों को चलती ट्रेनों के पीछे भागने को रोका। वहीं कई लोग ट्रेन की पटरियों से गुजर रहे थे उनको भी नियम न तोड़ने की हिदायत दी।
-
बोले अभ्यर्थी
-
मै यहां पर परीक्षा देने के लिए आया था। ट्रेन में काफी ज्यादा भीड़ थी, जिसमें मुझे सीट नहीं मिल सकी। हर कोई अपनी सीट घेर पर बैठा था। लोग सीटें घेरकर बैठे थे, जगह नहीं मिल सकी।
-विशाल
-
परीक्षा देने के लिए सुबह से ही आ गई थी। पेपर काफी अच्छा गया है। परीक्षा में कोई कठिनाई नहीं रही, लेकिन सफर ने ज्यादा दिक्कत दी। परीक्षा स्पेशल नहीं मिल सकी। जबकि अन्य ट्रेन से पहुंचे हैं।
-आंचल
लोग एक सीट घेर लेते हैं तो फिर कब्जा जमा लेते हैं। कोई जगह देने को तैयार नहीं था। कुछ देर खड़े होकर फिर कुछ देर सीट पर बैठकर सफर किया है।
-पूजा
यह दुविधा से युक्त सफर था। वॉशरूम काफी गंदे पड़े थे। वहां पर नहीं जा सके। रामपुर स्टेशन पर पहुंचने के बाद ही फ्रेश हुए। ट्रेनों में भीड़ से काफी ज्यादा दिक्कत हो गई।
-मो. काशिफ
वर्जन-
परीक्षार्थियों की वजह से रेलवे स्टेशन पर भीड़ थी। परीक्षा स्पेशल चलने के कारण परीक्षार्थियों को सुविधा मिली है। जबकि कई अन्य लोग अन्य साधनों से भी पहुंचे हैं।
-मो. आजम, स्टेशन अधीक्षक
-