देश से लेकर विदेशों तक में हिंदुओं पर हो रहे हमले और कट्टरपंथी प्रचारक डा. जाकिर नाईक के खिलाफ हिन्दू संगठनों में आक्रोश फूट रहा है। मंगलवार को विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल और विश्व हिन्दू महासंघ के कार्यकर्ताओं ने जाकिर नाईक का पुतला फूंककर कार्रवाई की मांग की।
मंगलवार दोपहर विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल और विश्व हिन्दू महासंघ के कार्यकर्ता ज्वालानगर चौराहे पर एकत्र हुए। यहां पर वक्ताओं ने कहा कि देश ही नहीं विदेश में भी हिन्दुओं पर हमले और उत्पीड़न की वारदातें बढ़ती जा रही हैं। कभी पाकिस्तान तो कभी बांग्लादेश में हिन्दुओं की हत्या की जा रही है। कश्मीर में उपद्रवियों द्वारा अमरनाथ यात्रा में विघ्न डाला जा रहा है। श्रद्धालुुओं के साथ मारपीट कर लूटपाट की जा रही है। इसके बाद संगठनों के कार्यकर्ताओं ने कट्टरपंथी प्रचारक जाकिर नाईक पर प्रतिबंध लगाते हुए कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की और जाकिर नाईक का पुतला फूंका।
इस दौरान बजरंग दल के प्रांत सह संयोजक भारत सिंह यादव, विश्व हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा, बजरंग दल संयोजक उपेंद्र मिश्रा, विश्व हिन्दू महासंघ के जिलाध्यक्ष संजय गुप्ता, कपिल देव कोरी, रोशन लाल, रवि शर्मा, विनोद पटेल, विजय गुप्ता, जीएल वार्ष्णेय, संजू बाबा, ललित शर्मा आदि शामिल रहे।