भाजपा के फायर ब्रांड नेता सांसद महंत आदित्यनाथ को बुधवार को रामपुर के रठौंडा कस्बे में जनसभा को संबोधित करना था। लेकिन उनका हेलीकाप्टर यहां उतर नहीं सका। भाजपाई प्रशासन पर जानबूझकर लापरवाही करने के कारण हेलीकाप्टर नहीं उतरवाने देने का आरोप लगा रहे हैं, वहीं प्रशासन का पक्ष है कि दिल्ली से टेकआफ का सिग्नल ही प्राप्त नहीं हुआ इसलिए हेलिकाप्टर नहीं आया।
क्षेत्र के रठौंडा में बुधवार को आयोजित जनसभा को 11 बजे सांसद आदित्यनाथ को संबोधित करना था। सभा स्थल से करीब तीन सौ मीटर दूर उनके हेलीकाप्टर उतरने के लिए हेली पैड बनाया गया था। उनकी सुरक्षा के लिए फायर ब्रिगेड, अतिरिक्त पुलिस फोर्स तथा एसडीएम लालता प्रसाद शाक्य और सीओ ओ.पी.आर्य समेत कई प्रशासनिक अफसर यहां पर पहुंच गए थे। सभा स्थल से लेकर हैलीपेड तक कई जगह सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात की गई थी, लेकिन करीब पांच घंटे चले इंतजार पर आई एक मोबाइल काल ने भाजपाइयों को उस समय निराश कर दिया। जब बागपत में उनके हेलीकाप्टर उतरने और जनसभा में न आने की सूचना मिली। जिस पर यहां पर कई घंटे से जमा हुए भाजपाइयों को झटका लगा और वह यहां से
निराश होकर चले गए। भाजपाइयों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने एक कद्दावर मंत्री के इशारे पर हेलीकाप्टर नहीं उतरने दिया। उधर एसडीएम का कहना है कि दिल्ली से टेक आफ की सूचना ही नहीं मिली थी। तो हेलीकाप्टर लैंड कहां से होता। वहीं जिलाधिकारी अमित किशोर का कहना है कि जब दिल्ली से हेलीकाप्टर टेकआफ ही नहीं हुआ तो रामपुर कैसे आ जाता। प्रशासन ने इस कार्यक्रम की पूरी अनुमति दी थी, सभी आरोप निराधार हैं।