रामपुर। सावन के दूसरे सोमवार पर जलाभिषेक को लेकर कांवड़ियों के आने का सिलसिला शुरू हो जाने के बाद लखनऊ -दिल्ली हाईवे के साथ ही टांडा बाजपुर मार्ग पर भारी वाहनों का संचालन शनिवार को बंद रहा। इस दौरान वाहन बदले हुए रूट से चले। हालांकि लंबी दूरी जाने वाले वाहन विभिन्न मार्गों पर साइडों में खड़े हो गए हैं। डायवर्जन सोमवार की शाम तक खोला जाएगा।
सावन माह की शुरुआत होने के साथ ही कांवड़ यात्रा भी शुरू हो गई है। सावन माह के दूसरे सोमवार को लेकर कांवड़ियों के आने का सिलसिला शुरू हो चुका है,लेकिन शुक्रवार को कांवड़ियों की संख्या दिन भर कम दिखी थी रात दस बजे के बाद पुलिस को अमरोहा व मुरादाबाद से रूट डायवर्जन का आदेश मिला, जिसके बाद हाईवे पर रूट डायवर्ट कर दिया गया था। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस जीरो प्वाइंट से लेकर बाईपास तक दौड़ती रही। अफसर भी इस दौरान जायजा लेते रहे।
दूसरी ओर कांवड़ यात्रा को देखते हुए टाण्डा-बाजपुर मार्ग व काशीपुर-दढियाल मार्ग भारी वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया गया है। रविवार को दिन भर वाहन बदले हुए रूट पर चलते हुए नजर आए। हालांकि तमाम वाहन शाहबाद रोड व अन्य मार्गों के किनारे खड़े हो गए।