शनिवार को हुई बारिश में कुछ ही देर में वीआईपी कालोनियों से लेकर सड़क तक पर जलभराव हो गया। जिसकी वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बारिश थमने के कुछ देर बाद अधिकतर स्थानों पर हालात सामान्य हो गए। कुछ गलियों और मोहल्लों में ही पानी रुका रहा।
शनिवार की दोपहर बाद शहर में बारिश हुई। सुबह से आसमान में छाए बादल कुछ देर के लिए ही बरसे। बारिश के बाद तापमान में गिरावट से लोगों ने राहत की सांस ली लेकिन, कई स्थानों पर जलभराव की समस्या का सामना भी करना पड़ा। करीब एक घंटे तक हुई बारिश के दौरान लोगों को सड़क से लेकर गलियों तक में जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ा।
बारिश से जौहर अली रोड के निकट बनी सैनी बस्ती, पुरानी आवास विकास, एलआईसी रोड के निकट, गंगापुर आवास विकास, जौहर अली रोड, एसपी आवास के पीछे गली में, विकास नगर, आगापुर रोड, न्यू कृष्णा विहार, बजरंग विहार, साईं विहार का कुछ हिस्सा, शिव विहार के साथ ही शहर के अंदरूनी मोहल्लों की कुछ गलियों में भी जलभराव की समस्या हुई। लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया।
बारिश थमने के कुछ देर बाद जब पानी उतर गया तो लोग घरों से निकले। सड़कों व गलियों में जलभराव से दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। मिलकखानम क्षेत्र में बिलासपुर रोड पर पानी की निकासी न होने के कारण जलभराव हो गया।