ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। रामपुर विकास खंड के सराहन क्षेत्र में ओलावृष्टि ने फिर अपना कहर बरपाया है। ओलावृष्टि से सेब की फसल को काफी नुकसान हुआ है। सोमवार सुबह अचानक भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि होने से बागवानों बगीचे में लगे सेब के दाने बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। प्रभावित बागवानों ने सरकार से फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग उठाई है।
गौर हो कि सोमवार को बदले मौसम के तेवर के चलते रामपुर उपमंडल के कई इलाकों में भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई। सुबह के समय हुई ओलावृष्टि से सराहन के शिलानाला, नलाटी, खनाश, खलटी और शनडवार क्षेत्रों में सेब की फसल को भारी नुकसान हुआ है। बागवानों की वर्ष भर की मेहनत पर इस वर्ष मौसम की मार पड़ी है। क्षेत्र के लोगों की आर्थिकी का प्रमुख स्रोत इस वर्ष बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित हुआ है और सेब बागवानों को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है।
बागवान राकेश, गोपाल ठाकुर, मनीष मेहता, चंदा, विक्की, मंगल, मोती लाल और सुरेंद्र ने बताया सोमवार की सुबह अचानक तेज बारिश के साथ ओले गिरने से सेब के फल दागी हो गए हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि बागवानी विभाग से नुकसान का जायजा लेकर बागवानों को मुआवजा दिया जाए और केसीसी में भी बागवानों को नुकसान की इंश्योरेंस कंपनी से मुआवजा दिलाया जाए।