जौहर यूनिवर्सिटी में पालिका सफाई की मशीन बरामद होने के मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट ने सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खां की जमानत याचिका पर बृहस्पतिवार को सुनवाई नहीं हो सकी। इस मामले में उनके अधिवक्ताओं की ओर से स्थगन प्रार्थना पत्र दिया गया था।
हरदोई जेल में बंद सपा के पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के दो पैनकार्ड के मामले में बृहस्पतिवार को गवाह कोर्ट नहीं पहुंचा। इसके चलते सुनवाई टल गई। इस मामले की सुनवाई अब दस नवंबर को होगी। भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने सिविल लाइंस थाने में अब्दुल्ला आजम के दो पैनकार्ड रखने का मामला दर्ज कराया था।
यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। बृहस्पतिवार को इस मामले की सुनवाई होनी थी। शहर विधायक के अधिवक्ता संदीप सक्सेना ने बताया कि इस मामले में गवाह पेश नहीं हुआ। इसलिए सुनवाई नहीं हो सकी।
केमरी थाने में पूर्व सांसद जयाप्रदा के खिलाफ दर्ज आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में भी बृहस्पतिवार को सुनवाई नहीं हो सकी। 2019 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान केमरी थाने में उनके खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में सुनवाई होनी थी, लेकिन सुनवाई नहीं हो सकी।