रामपुर। स्वास्थ्य विभाग के सेवानिवृत्त कर्मी अब्दुल रहीम खां (63) का शव सोमवार सुबह किला परिसर के पास मिला। उनके सिर पर गोली लगी थी। पास ही उनकी स्कूटी और लाइसेंसी रिवाल्वर भी पड़ा था। पुलिस को घटना स्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। उधर, परिजनों ने अपने रिश्तेदारों पर रुपये के लेनदेन का आरोप लगाते हुए गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शाम को इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोहल्ला बजरिया मुल्ला जरीफ निवासी अब्दुल रहीम खां स्वास्थ्य विभाग के लैब टेक्नीशियन के पद से सेवानिवृत्त थे। वह सोमवार सुबह घर से नाश्ता लेने के लिए निकले थे। किला परिसर में एलआईयू कार्यालय के पास उनका शव बरामद हुआ। उनके सिर पर गोली लगी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने शव के पास से लाइसेंसी रिवाल्वर, सुसाइड नोट और स्कूटी बरामद की। सूचना मिलने के बाद अब्दुल रहीम के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए।