छोटा भाई इंटर पास, ठगी का था मास्टरमाइंट, बड़ा भाई अलीगढ़ मुस्लिम विवि से बीएससी पास
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर। पुलिस ने दो साइबर ठगों को बुधवार को गिरफ्तार किया था। दोनों को जेल भेज दिया है। छोटा भाई इंटर पास है, वह इंस्टाग्राम पर आईफोन, लैपटॉप आदि बेचने का लालच देकर लोगों को ठगता था। बड़ा भाई साईम अलीगढ़ मुस्लिम विवि से बीएससी पास है। ये मुस्तफा के लिए फर्जी वीडियो बनाने और उनकी एडिटिंग करने में मदद करता था।
एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि केंद्र की एजेंसियों ने उन्हें कुछ मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए थे। ये मोबाइल नंबर रामपुर से संचालित हो रहे थे। ये लोग यहां बैठकर ठगी कर रहे थे। कहा कि पुलिस टीम दो महीने से इन नंबरों की सर्विलांस की मदद से तलाश कर रही थी। दोनों भाई बार-बार नंबर बदल रहे थे। पुलिस ने आईएमईआई नंबर की मदद से इन दोनों आरोपियों को पकड़ा है।
अनुराग सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया है कि छह महीने में इन लोगों ने सस्ते आईफोन का लालच देकर 40 लाख रुपये से अधिक की ठगी की है।
इंस्टाग्राम पर 2.35 लाख हैं फॉलोवर, हिंदु युवक के नाम से बनाई है आईडी
आईफोन बेचने के लिए टेलीग्राम से लोगों से वीडियो बनवाकर खरीदता था
हरीश पांडे
रामपुर। मुस्तफा ठगी का मास्टरमाइंड है। वह अपने भाई साईम के साथ मिलकर ठगी को अंजाम देता था। मुस्तफा का इंस्टाग्राम पर इलेक्ट्रो रोहित के नाम से अकाउंट है। इस अकाउंट में 2.35 लाख फॉलोवर हैं। मुस्तफा इंस्टाग्राम पर फर्जी वीडियो बनाकर अपलोड करता था। इसमें वह लोगों से ये कहलाता था कि इलेक्ट्रो रोहित से आईफोन खरीदा, अमेजन से भिजवाया है, एक दम न्यू है। मात्र 20 हजार रुपये में मिल गया। ऐसे कई वीडियो इंस्टाग्राम पर मौजूद हैं।
खास बात ये है कि इसमें मुस्तफा कई वीडियो अपने भाई की मदद से बनाता था। कई टेलीग्राम चैनलों में लोगों से भी वीडियो बनवाता था। इसके एवज में वह उन्हें 500 रुपये तक देता था। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि पुलिस की जांच में मुस्तफा ने बताया है कि वह लोगों को सस्ते आईफोन का लालच देता था। इसके बाद अमेजन का फर्जी बॉक्स और डिलीवरी दिखाता था और इसके एवज में पांच से 10 हजार रुपये ले लेता था।
बाद में जब वह व्यक्ति फोन या पैसे वापस मांगता तो उसे इंस्टाग्राम की आईडी से ब्लॉक कर देता था। बताया कि मुस्तफा इलेक्ट्रो रोहित के नाम से इंस्टाग्राम चलाता था। उसका भाई उसकी वीडियो एडिटिंग करता था। मुस्तफा ने ठगी से अभी तक 40 लाख रुपये से अधिक कमाएं हैं।
मुस्तफा टेलीग्राम के कई ग्रुपों से जुड़ा था। ये लोगों से इलेक्ट्रो रोहित के लिए वीडियो बनवाता था। इसमें अमेजन का पार्सल का वीडियो होता था। वीडियो में ये कहा जाता था कि इलेक्ट्रो रोहित का जब इंस्टाग्राम पेज देखा तो ये लगा कि ये फ्रॉड है भाई, लेकिन जब विश्वास करके फोन मंगवाया तो भाई, एकदम न्यूब्रांड आईफोन निकला। रोहित भाई सबसे सस्ता आईफोन उपलब्ध कराते हैं। इलेक्ट्रो रोहित की आईडी में ऐसे सैकड़ों वीडियो अपलोड हैं।