रामपुर। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की ओर से भगवान चित्रगुप्त की विशाल शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। इस दौरान जगह-जगह इसका स्वागत किया गया। डीजे की धुन पर कलाकारों ने भक्तों का मन मोहा। भगवान चित्रगुप्त, श्री राम-शंकर भगवान की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा में हरे राम, हरे कृष्णा के जयकारे गूंजे।
महासभा की ओर से तिलक नगर काॅलोनी से शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ प्रदेश के वन मंत्री अरुण सक्सेना और शहर विधायक आकाश सक्सेना ने किया। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष एके जौहरी, प्रदेश महामंत्री डाॅ. विपिन जौहरी, गिरीराज स्वरूप भटनागर ने कलाकारों का स्वागत किया। साथ ही पूर्व मंत्री शिव बहादुर सक्सेना ने आरती की। इसके बाद शोभायात्रा की शुरुआत की गई।
शोभायात्रा में सर्वप्रथम महासभा का बैनर लगाया गया। इसके साथ ढोल के कलाकारों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए भक्ति गीतों से सराबोर कर दिया। डीजे की धुन पर जगह-जगह हरे राम, हरे कृष्णा की धुन पर लोग झूमते नजर आए। शोभायात्रा में श्री गणेश की झांकी के साथ अयोध्यापति श्री राम, शंकर और महाराज चित्रगुप्त की झांकी निकाली गई। यात्रा के दौरान भगवान चित्रगुप्त बग्गी पर विराजमान थे। मां अन्नपूर्णा, माता महाकाली और प्रसाद की झांकी शामिल रही।
खुर्शीद बैंड ने सुंदर भजनों पर सभी का मन मोहा। तिलक नगर काॅलोनी से शुरू हुई शोभायात्रा राजद्वारा, मिस्टन गंज होते हुए देर शाम मिस्टन गंज स्थित अग्रवाल धर्मशाला में जाकर संपन्न हुई। शोभायात्रा जिस मार्ग से गुजरी वहां इसका जगह-जगह स्वागत किया गया। कई संगठनों ने पगड़ी पहनाकर व प्रसाद वितरण किया। शोभायात्रा के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम भी किए गए।
समापन के बाद वर्ष 2023-24 के 29 मेधावी छात्र-छात्राओं, 11 सेवानिवृत्त सरकारी सेवकों और दो दाम्पत्य जीवन के 50 वर्ष पूर्ण करने वाले चित्रांशों को सम्मानित किया गया। वहीं अंत में प्रसाद वितरण के बाद भंडारे का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष धर्मकीर्ति सक्सेना, जिला महामंत्री अनिल सक्सेना, सुरेंद्र सक्सेना, अनिल किशोर, वीरेंद्र मोहन, आदित्य सक्सेना, प्रखर सक्सेना, करन सक्सेना, शशि सक्सेना, विकास सक्सेना, सतेंद्र भटनागर, नीरज जौहरी, पुनीत सक्सेना, संजीव सक्सेना, मनोज सक्सेना, राजीव सक्सेना, नीरज सक्सेना, अमित सक्सेना आदि लोग मौजूद रहे। संचालन धीरेंद्र मोहन सक्सेना, महेंद्र सक्सेना, व धर्मकीर्ति सक्सेना ने किया।