रामपुर। फिजिकल काॅलेज महात्मा गांधी स्टेडियम पर चल रहे द्वितीय स्वर्गीय मुमताज बाबुल खां मेमोरियल ऑल इंडिया हॉकी टूर्नामेंट के दूसरे दिन मंगलवार को दो मैच खेले गए। इसमें हरदोई एकेडमी ने प्रतापगढ़ को 3-1 से पछाड़ा। दूसरे मैच में विवेक एकेडमी बनारस ने बुलंदशहर को 5-1 से हराया।
टूर्नामेंट के दूसरे दिन पहले संघर्षपूर्ण मैच में 8वें मिनट में हरदोई के प्रभाकर ने गोल कर बढ़त दिलाई और 23वें मिनट में प्रतापगढ़ के खिलाड़ी अकबर ने गोल कर बराबर कर दिया। बाद में बेहतर प्रदर्शन करते हुए हरदोई के अमीन गाजी ने 47वें मिनट में और शिवम ने 58वें मिनट में गोल कर 3-1 से जीत दिलाई।
दूसरा मैच विवेक एकेडमी बनारस व बुलंदशहर इलेवन के बीच खेला गया। मैच शुरू होते ही चाैथे मिनट में बनारस के नीरज ने गोल कर बढ़त दिलाई। हाफ टाइम तक बनारस के अंकित ने 27वें मिनट में और आर्यन पाल ने 29वें मिनट में गोल कर 3-0 से बढ़त दिलाई। बनारस के अंकित ने 31वें मिनट में और लड्डू गुप्ता ने 42वें मिनट में गोल किए। वहीं, बुलंदशहर के उज्जवल ने 50वें मिनट में गोल कर लीड को कम किया। बनारस ने बुलंदशहर को 5-1 से हरा दिया।
मंगलवार को हुए मैच के मुख्य अतिथि वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी इकबाल खां व इरफान खां ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। मैच की अंपायरिंग नेशनल अंपायर सुनील चौधरी, तजम्मुल जैदी व अमित ने की। टेक्निकल टेबल का कार्यभार आसिफ खां और दानिश खां ने संभाला। मैच का संचालन नासिर खां ने किया।
इस अक्सर पर वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी महफूजुर्रहमान खां, आरिफ खां, यूसुफ खां उर्फ जोजफ, आसिफ खां, इशरत अली, मियां सज्जाद खां, आदिल मियां, वसीम खां, अजहर खां, इकबाल खां, अयूब खां, जुनेद खां, सलमान मियां, वसीम उल हसन खां, नईम मियां, सज्जाद बेग, यासीन खां, मुदस्सर खां, संजय नूर खां, फरीद खां और हॉकी के शौकीन मौजूद रहे।
आज खेले जाएंगे तीन मुकाबले
टूर्नामेंट मीडिया प्रभारी फहीम कुरैशी ने बताया कि बुधवार को तीन मैच खेले जाएंगे। पहला मैच दोपहर 12:30 बजे से रामपुर ग्रीन व प्रिंस क्लब शाहजहांपुर के बीच खेला जाएगा। दूसरा मैच दोपहर दो बजे से रामपुर रेड व बनारस के बीच खेला जाएगा। तीसरा मैच तीन बजे से बरेली स्टेडियम व मेरठ के बीच होगा।