चौकी हजियानी अब शांति, आपसी सौहार्द और भाईचारे की राह पर बढ़ चली है। प्रशासन ने भी दोनों पक्षों को खुुश करने के लिए अपने स्तर से कार्य शुरू करा दिया है।
एक ओर पुराने कुएं सहित वक्फ प्रापर्टी को सुरक्षित करने के लिए चहारदीवारी से पहले अतिक्रमण खाली करवाया जाने लगा है, वहीं हिंदुओं की पूजा के लिए शनिदेव मंदिर के निकट नए कुएं की खुदाई का काम भी जेसीबी के जरिए मंगलवार की शाम शुरू हो गया।
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक आरपी सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट मदन सिंह गर्ब्याल, सीओ सिटी की मौजूदगी में मंगलवार को वक्फ प्रापर्टी वाले कुएं के पास जेसीबी से अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए। हालांकि दोनों पक्षों के बीच पहले ही समझौता हो चुका है। प्रशासन के साथ नगर विकास मंत्री आजम खां के समक्ष भी दोनों पक्षों ने सहमति जता दी थी, फिर भी एहतियातन कई थानों की फोर्स चौकी हजियानी में तैनात करने के बाद यह कार्रवाई शुरू हुई।
वक्फ के बताए जा रहे कुएं के निकट बंद मदरसे एवं कुएं ऊपरी दीवारों को ध्वस्त कर दिया गया। उधर चौकी हजियानी स्थित शनिदेव मंदिर के निकट हिंदू समुदाय के लोगों की पूजा-अर्चना के लिए नए कुएं के निर्माण के लिए जेसीबी से खुदाई भी शुरू करा दी गई।
ध्वस्तीकरण के लिए पालिका के ड्राफ्टमैन सिब्ते नबी को भी प्रशासन ने रिकार्ड के साथ मौके पर बुला लिया गया था। रिकार्ड के मुताबिक मौके पर करीब 4729 वर्ग मीटर जगह वक्फ संपत्ति है जो कि कब्रिस्तान की है। इस जमीन की अब बाउंड्रीवॉल कराई जाएगी।