चौकी हजियानी में कुएं को लेकर हुए बवाल के मामले में शांतिभंग के 16 और आरोपियों को राहत मिली है।
प्रशासन ने उनकी ओर से दाखिल जमानत अर्जी स्वीकार कर ली है। उनके मामले की सुनवाई भी शुरू हो गई है। इस तरह अब तरह अब तक 30 आरोपियों को शांतिभंग के आरोप में जमानत मिल चुकी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के चौकी हजियानी में कुएं के पास दीवार बनाने को लेकर पिछले दिनों जमकर बवाल हुआ था। दो समुदाय के कुछ लोगों ने जमकर हंगामा किया था। एक पक्ष के मुताबिक जिस जमीन पर कुआं है वह वक्फ की संपत्ति है। वहीं, दूसरे पक्ष के लोगों का कहना था कि बरसों से उनकी पीढ़ियां कुएं की पूजा करती आ रही हैं। शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन कुएं की पूजा-अर्चना करते हैं।
डीएम-एसपी तक को मौके पर दो बार पहुंचना पड़ा था। पुलिस ने मसले पर बवाल करने वाले दोनों पक्षों के 30 लोगों पर शांतिभंग की कार्रवाई की थी। इसमें एक पक्ष से 16, दूसरे पक्ष से 14 लोग शामिल थे। सिटी मजिस्ट्रेट की कोर्ट ने मामले में दूसरे पक्ष के 16 लोगों को जमानत दे दी है।