सपा सरकार में जौहर यूनिवर्सिटी में लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए गए सेवन स्टार गेस्ट हाउस की जांच शुरू कर दी गई है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री के आदेश पर शुरू की गई जांच में यूनिवर्सिटी के निर्माण संबंधित फाइलों को खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही निर्माण के शासन की ओर से भेजे गए आदेश की प्रति भी मांगी गई है। अफसरों का दावा है कि जल्द ही इस मामले की जांच पूरी कर रिपोर्ट शासन को भेज दी जाएगी।
समाजवादी सरकार में यूपी सरकार के कद्दावर मंत्री रहे आजम खां की जौहर यूनिवर्सिटी में लोक निर्माण विभाग की ओर से 212 करोड़ की लागत से बने सेवन स्टार लग्जरी गेस्ट हाउस का निर्माण कराया गया था। गेस्ट हाउस और सड़क का भी निर्माण हो चुका है। अब यह गेस्ट हाउस जौहर यूनिवर्सिटी के लिए ही नहीं बल्कि पूर्व मंत्री आजम खां के लिए भी मुसीबत बन चुका है। सरकार बदलने के बाद गेस्ट हाउस के निर्माण में सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप लगे हैं।
अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख भी गेस्ट हाउस पर सवाल उठा चुके हैं, जिसके बाद इस मामले में उपमुख्यमंत्री और लोक निर्माण विभाग के मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जौहर यूनिवर्सिटी में लोक निर्माण विभाग के पैसे से बने गेस्ट हाउस और सड़कों की जांच के आदेश दिए थे। इस आदेश के बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से जांच शुरू कर दी गई है। जांच के लिए बनाई गई टीम ने अपने स्तर से निर्माण संबंधी पत्रावलियों का अवलोकन शुरू कर दिया है। टीम ने गेस्ट हाउस के निर्माण संबंधी जारी शासनादेश की प्रति भी तलाशनी शुरू कर दी है।