विवादास्पद जमीन से कब्जा हटवाने पहुंची पुलिस और पालिका अफसरों की टीम के सामने ही दो पक्ष आपस आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से जमकर पथराव और चाकूबाजी हुई, जिससे पुलिस व पालिका की टीम में भी भगदड़ मच गई। लोगों ने पुलिस की टीम को काफी दूर तक दौड़ाया भी। दोनों पक्षों के बीच हुए संघर्ष के दौरान दोनों पक्षों के छह लोगों के चोटें आई हैं।
घटना के बाद पालिका की टीम मौके से खिसक गई। बाद चाकूबाजी में घायल हुए तीन लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मामला दो संप्रदायों के बीच का होने की वजह से मुहल्ले में तनाव व्याप्त हो गया है। तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस की मौजूदगी में आपसी संघर्ष का यह मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला मठवाला कब्रिस्तान का है। मुहल्ले में एक प्लाट पर मुहल्ले के ही दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। इस विवाद का निपटारा करने के लिए शहर कोतवाली पुलिस के साथ ही पालिका के अफसरों की एक टीम सोमवार की दोपहर में मुहल्ले में पहुंची। पालिका व पुलिस की टीम को देखकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान लोगों ने टीम को घेर लिया। एक पक्ष कार्रवाई कराना चाहता था तो दूसरा इसका विरोध कर रहा था। लोगों ने पालिका अफसरों की टीम का विरोध करते हुए काफी हंगामा शुरू कर दिय। इस बीच दोनों पक्षों के लोग उग्र हो गए। दोनों ओर से जमकर मारपीट शुरू हो गई।
देखते ही देखते मौके पर दोनों गुटों के बीच पथराव शुरू हो गया और फिर जो जिसके हाथ आया उसी से एक दूसरे पर हमला कर दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने चाकू से हमला शुरू कर दिया, जिससे पुलिस के भी हाथ-पांव फूल गए। पुुलिस ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन बवाल करने वाले पुलिस पर भारी पड़ते गए। इस बीच कुछ लोगों ने पुलिस की टीम को मौके से ही दौड़ा लिया। हालात देख पालिका की टीम भी वहां से खिसक गई। कुछ देर तक तो पुलिस दूर से खड़े होकर ही तमाशा देखती रही। मारपीट व संघर्ष में छह लोगों के चोटे आई हैं, जिसमें शहनवाज व गुड्डू नाम के युवक को अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद मौके पर काफी पुलिस पहुंची। मामला दो संप्रदाय के बीच का होने की वजह से मुहल्ले में तनाव बना हुआ है। फिलहाल दोनों ओर से मामले की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।