हाल में बेहद लोकप्रिय और चर्चित हुए टीवी सीरियल ‘भाभी जी घर पर हैं’ के लेखक मनोज संतोषी ने अंगूरी भाभी उर्फ शिल्पा शिंदे के आरोपों को गलत बताते हुए सीरियल निर्माता और सीरियल के कलाकारों का बचाव किया है।
मनोज ने शिल्पा पर अहसानफरामोशी का उल्टे इल्जाम लगाते हुए कहा कि जिस सीरियल ने उन्हें लोकप्रियता के आसमान पर पहुंचाया उसी के निर्माता और कलाकारों को कटघरे में खड़ा करके उन्होंने सिर्फ लालच की वजह से सीरियल छोड़ दिया। वह कहते हैं कि लोग एक्टर को नहीं बल्कि उसके किरदार को पसंद करते हैं और यह किरदार लेखक गढ़ता है।
शिल्पा शिंदे को अपने ऊपर गुमान हो गया जबकि अंगूरी भाभी का किरदार उनकी कलम ने गढ़ा। भाभी जी घर पर हैं फेम राइटर मनोज संतोषी गुरुवार को नैनीताल से दिल्ली जाते वक्त नगर के मोहल्ला भट्टी टोला निवासी अभिनेता आदिल मियां के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। मूलत: अलीगढ़ निवासी मनोज अपने पिता स्वर्गीय विशंभर सिंह संतोषी के पांच बच्चों में सबसे छोटे और दुलारे हैं। इंटर करने के बाद वह 17 वर्ष की उम्र में ही बंबई चले गए थे और सीरियलों की पटकथा लिखने का काम शुरू किया।