इंतजार की घड़ियां खत्म हो गई हैं। किस गांव की सरकार का प्रमुख कौन होगा। इसकी घोषणा रविवार को की जाएगी। इसके साथ ही ग्राम पंचायत सदस्यों की भी घोषणा की जाएगी। जिले के चार स्थानों पर मतगणना का काम कराया जाएगा। इसके लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से पूरी तैयारियां कर ली गई हैं।
सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतगणना सुबह सात बजे से शुरू हो जाएगी। इसके 24 घंटे तक चलने की उम्मीद जताई जा रही है। गांव सरकार चुनने के लिए पिछले एक माह से राजनीति गर्मायी हुई थी। जिले की 684 ग्राम पंचायतों में प्रधानों के साथ ही करीब 8564 ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए चार चरणों में मतदान कराया गया था।
मतदान की प्रक्रिया करीब 20 दिन तक चली। अब रिजल्ट की बारी है। मतगणना का काम रविवार को शुरू होगा। रविवार को डुंगरपुर स्थित मंडी समिति, स्वार के सेंट फ्रांसिंस स्कूल समेत मिलक, शाहबाद, बिलासपुर के मंडी समिति में मतगणना का काम कराया जाएगा।
मतगणना के लिए पुलिस के साथ ही प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतगणना स्थल पर सुरक्षा कड़ी रहेगी। मतगणना स्थल के आसपास बैरीकेडिंग की गई है। सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। मतगणना के काम में करीब तीन हजार कर्मचारियों को लगाया गया है।
मतगणना का काम फटाफट निपटे इसके लिए कर्मचारियों और अधिकारियों को टिप्स दिए गए हैं। साफ किया गया है कि किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि जिले के सभी मतगणना स्थलों पर सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।
यदि दो प्रत्याशियों के वोट एक समान हैं तो इस स्थिति में पर्ची के माध्यम से विजेता की घोषणा की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि ऐसी स्थिति में आरओ अफसरों की मौजूदगी में दोनों प्रत्याशियों के साथ मिलकर दोनों के नाम की पर्ची डालेंगे और जिसकी पर्ची निकल आएगी उसको प्रधान चुन लिया जाएगा।
मतगणना स्थल खासतौर से पंडाल में मोबाइल का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस संबंध में भी निर्देश जारी किए गए हैं। साफ किया गया है कि मोबाइल पर प्रतिबंध सख्ती से लागू किया जाएगा। इसके लिए सभी को निर्देश जारी किया गया है।