बुखार से पीड़ित चार वर्ष की एक बच्ची की अस्पताल जाते वक्त रास्ते में मौत हो गई। बच्ची की मौत से पूरे घर मेें कोहराम मच गया है।
केमरी थाने के गांव खानपुर निवासी नेतराम गंगवार की चार वर्षीय पुत्री माधवी गंगवार को दस दिन पूर्व बुखार आ गया था। परिजनों ने उसका उपचार पहले स्थानीय स्तर पर कराया, मगर फायदा न होने पर परिजन रुद्रपुर के एक अस्पताल ले गए। चार दिन पूर्व चिकित्सकों ने उसे बरेली के एक अस्पताल रेफर कर दिया।
शुक्रवार की सुबह चिकित्सकों ने उसे कहीं और ले जाकर उपचार करने की सलाह दी थी। परिजन उसे मुरादाबाद ले जा रहे थे कि बालिका ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने घर लाकर उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया है।