फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur News: गैस का संकट बरकरार, एजेंसियों पर सुबह से ही लग रही लंबी लाइन

Sat, 28 Mar 2026 11:43 PM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
रामपुर। प्रशासन भले ही रसोई गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होने का दावा कर रहा हो लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में समस्या बरकरार है। गैस एजेंसियों पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं। शनिवार को केमरी और स्वार में सिलिंडर लेने के लिए उपभोक्ता लंबी लाइन में खड़े नजर आए। सबसे लंबी लाइनें शनिवार को केमरी क्षेत्र में लगी रही। क्षेत्र के जालफ नगला गांव निवासी दिव्यांग मोहम्मद अली पिछले पांच दिनों से गैस सिलिंडर के लिए परेशान हैं। मूक-बधिर होने के कारण वह अपनी बात ठीक से नहीं रख पाते और हर दिन व्हीलचेयर पर गैस एजेंसी तक पहुंचने के बावजूद खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं। मोहम्मद अली ने अपनी मां महताब जहां के नाम की गैस पासबुक दिखाते हुए बताया कि एजेंसी पर भारी भीड़ और अव्यवस्था के कारण वह आगे नहीं बढ़ पाते। किसान नेता जहीर खां ने कहा कि दिव्यांग उपभोक्ताओं के लिए अलग व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि उन्हें ऐसी दिक्कतों का सामना न करना पड़े। शनिवार को तड़के चार बजे से ही लोगों ने लाइन लगा ली, जिसमें महिलाओं की अलग कतार भी देखने को मिली। दो दिन बाद जब नगर की गैस एजेंसी पर गैस की गाड़ी पहुंची तो अचानक अफरातफरी मच गई। सिलिंडर लेने के लिए लोगों में होड़ लग गई और कुछ ही देर में पूरा स्टॉक खत्म हो गया, जबकि कतार में लगे कई लोग खाली हाथ रह गए।
विज्ञापन



बताया गया कि बृहस्पतिवार को भी गैस वितरण हुआ था लेकिन भारी भीड़ के चलते सैकड़ों उपभोक्ता सिलिंडर नहीं ले सके थे। शुक्रवार को गैस की गाड़ी नहीं पहुंचने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई। इसके अलावा सर्वर डाउन रहने के कारण कई उपभोक्ताओं को ओटीपी नहीं मिल पाया, जिससे वे गैस बुकिंग भी नहीं कर सके। शनिवार को गाड़ी पहुंचने पर हंगामे जैसे हालात बन गए।
नगर व क्षेत्र की गैस एजेंसियों पर शनिवार को भी गैस लेने वाले उपभोक्ताओं की पूरे दिन भीड़ लगी रही। उपभोक्ताओं ने एजेंसी स्वामियों पर ई केवाईसी आदि के नाम पर शोषण करने का भी आरोप लगाया है। पूरे दिन एजेंसियों पर पुलिस की मौजूदगी में गैस सिलिंडरों का वितरण होता दिखाई दिया। गैस को लेकर उपभोक्ताओं की भीड़ भी देखी गई। एक अदद गैस भरे सिलिंडर पाने के लिए घंटों लाइन में लग रहे उपभोक्ताओं का आरोप था कि गैस की बुकिंग व ई केवाईसी में काफी दिक्कत हो रही है, जिसमें एजेंसी संचालक उपभोक्ताओं की कोई मदद नहीं कर रहे हैं। एजेंसी संचालकों ने बताया कि उनके यहां गैस की कोई किल्लत नहीं है। ईकेवाईसी व बुकिंग न कराने वाले लोग ही किल्लत बता रहे हैं। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें