रामपुर। किसानों के लिए आया सरकारी बीज जलाने के मामले में उद्यान निरीक्षक व दो कर्मचारी फंस गए हैं। चौबीस घंटे की चुप्पी के बाद डीएम ने जब मामले को गंभीरता से लिया तो इस मामले में उद्यान निरीक्षक व दो कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की संस्तुति राजकीय उद्यान अधीक्षक ने की है। इस कार्रवाई के बाद खलबली मची हुई है।
उद्यान विभाग का किला परिसर में दफ्तर है। यहां पर नर्सरी भी है। विभाग की ओर से बागवानी में इस्तेमाल होने वाले बीजों की बिक्री किसानों के लिए की जाती है। शुक्रवार को किसानों के लिए आए सरकारी बीज को जला दिया गया था। बीज जलाए जाने पर किसानों ने नाराजगी जाहिर की थी। इस घटना के बाद उद्यान अधीक्षक ने चुप्पी साध ली थी। उद्यान अधीक्षक की ओर से शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया,लेकिन जब मामला उछला तो शनिवार को इस मामले में डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने मामले को संज्ञान में ले लिया।
मामला संज्ञान में आने के बाद डीएम ने इस पर उद्यान अधीक्षक से इस पूरे मामले में नाराजगी जाहिर की साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद आनन-फानन में देर शाम राजकीय उद्यान अधीक्षक अजय कुमार ने इस मामले में उद्यान निरीक्षक बृजमणि गहलौत व दो अन्य कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई कार्रवाई करने की संस्तुति की है। सीडीओ गुलाब चंद्र ने बताया कि इस मामले में उद्यान अधीक्षक की ओर से निलंबन की कार्रवाई की संस्तुति की गई है। शुरुआती जांच में लापरवाही सामने आई है।