झाड़-फूंक का झांसा देकर महिला से गैंगरेप की घटना सामने आई है। रविवार की दोपहर अपने दो बच्चों के साथ केमरी थाने पहुंची महिला ने पुलिस को आपबीती सुनाई। इस पर पुलिस ने छापा मारकर एक बाग स्थित धर्मस्थल के पास बने कमरे से सेक्सवर्धक दवाएं बरामद की हैं। इस दौरान
वहां पर लकड़ी काट रही एक महिला को पकड़ कर थाने ले आई। जिसको छुड़ाने के लिए ग्रामीण जुट गए। हंगामा करते हुए महिला को छुड़ा ले गए। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता को एसपी के सामने पेश किया। देररात पुलिस ने तथाकथित बाबा, रफीक अहमद, तनवीर मलिक समेत पांच पर रिपोर्ट दर्ज की है।
नैनीताल जिले के थाना भीमताल निवासी 26 वर्षीय महिला अपने दो बच्चों के साथ रविवार की दोपहर केमरी थाने पहुंची। महिला ने थाना प्रभारी लक्ष्मी शंकर को बताया कि पति से उसकी मुकदमेबाजी चल रही है। जिसको लेकर वह परेशान है। कुछ दिन पूर्व उसे एक बाबा मिला था, जिसने बताया कि उसके ऊपर भूत-प्रेत का साया है। इसलिए वह बीमार रहती है। कहा कि एक धर्मस्थल पर बाबा रहते हैं, उनसे इलाज करा देंगे।
आरोप है कि एक सितंबर की रात तथाकथित बाबा महिला और दो बच्चों को लेकर हल्द्वानी से ट्रेन के द्वारा केमरी देर रात पहुंच गया। इसके बाद वह महिला को केमरी-मिलक रोड स्थित एक बाग पर स्थित धर्मस्थल पर ले गया। आरोप है कि महिला को वहां पर बने एक कमरे में रुकने को कहा। झाड़ फूंक के नाम पर तीन लोगों ने डरा-धमकाकर गैंगरेप किया। आनन फानन में पुलिस ने महिला को लेकर तत्काल मौके पर पहुंची। कमरे से सेक्स वर्धक दवाएं और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की।
पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गए थे। वहीं बाग में लकड़ी काट रही एक महिला को पकड़कर पुलिस थाने ले आई तो तमाम लोगों ने विरोध जताकर थाने में हंगामा किया और महिला को छुड़ा लिया। पुलिस ने मामले को काफी समय तक दबाकर रखा। इसके बाद पुलिस उसे एसपी के पास ले गई। थाना प्रभारी ने महिला को मानसिक कमजोर बताते हुए गैंगरेप की घटना से इंकार किया है।