स्वार (रामपुर)। भूमि विवाद में तहेरे भाई की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में दो चचेरे भाइयों और उनके पिता समेत चार लोगों को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज की गई है। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश भी दी लेकिन, कोई हत्थे नहीं लगा।
शुक्रवार शाम तहसील क्षेत्र के गांव नानकार रानी में भूमि विवाद के चलते सिराज ने अपने तहेरे भाई दानिश की गोली मारकर हत्या कर दी थी। दानिश की हत्या के बाद से आरोपी परिवार समेत फरार हो गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया था। वहीं देर रात दानिश के भाई भूरा ने पुलिस को तहरीर देकर चचेरे भाइयों, चाचा और चचेरे बहनोई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमें हत्या की वजह जमीन बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद बताया गया है।
आरोप है कि जमीन बंटवारे को लेकर ही उसके परिवार की अपने चाचा रहमत अली के परिवार से कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद उसके चचेरे भाइयों ने गालियां देना शुरू कर दीं। इस दौरान उसके चाचा रहमत अली और उनके बेटे शादाब, सिराज व दामाद बब्बू उर्फ रियासत लाठी व असलहा लिए खड़े थे। गालियों का विरोध करने पर जब उन्होंने दानिश को देखा तो सभी ने सिराज से उसे गोली मार देने को कहा। इस दुष्प्रेरणा से सिराज ने दानिश पर गोली चला दी। दानिश की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने भूरा की तहरीर पर रहमत अली, चचेरे भाई शादाब, सिराज व रहमत अली के दामाद बब्बू उर्फ रियासत के खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 504, 34 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाली पुलिस ने युवक की हत्या के आरोपियों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन कोई हाथ नहीं लगा। कोतवाल आरएस बघेल ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही नामजद हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।