नैनीताल हाईवे पर शनिवार को एक ट्रक खराब होने से वाहन चार घंटे से अधिक जाम में फंसे रहे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम को खुलवाया। इस दौरान जाम में फंसे यात्री बेहद परेशान रहे।
नैनीताल हाईवे पर शनिवार की अपराहन करीब 12 बजे रामपुर से रुद्रपुर जा रहा एक ट्रक अचानक नैनीताल हाईवे स्थित डाकखाना रोड के पास खराब हो गया। ट्रक खराब होते ही हाईवे पर वाहनों के बढ़ते दबाव ने जाम की स्थिति पैदा कर दी। धीरे- धीरे हालत यह होने लगी कि हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो र्गइं। रुद्रपुर व रामपुर की ओर हाईवे पर करीब दो किलोमीटर जाम लग गया।
जाम का आलम यह हो गया कि यात्री बेहद परेशान हो गए। जाम की खास वजह नगर में फैला अतिक्रमण और साप्ताहिक पैठ भी रही। हालांकि, पुलिस दिन भर जाम को खुलवाने मेें लगी रही। फिर भी वाहन रेंग- रेंग कर गुजरे। जाम में फंसे लोगों का बुरा हाल रहा। पुलिस ने किसी तरह जाम को शाम तक खुलवाया। जाम में फंसे लोगों ने पुलिस प्रशासन व व्यापार मंडल को कोसा। कोतवाली पुलिस ने बताया कि ट्रक को तो कुछ ही देर बाद हाईवे से हटवा दिया गया था। पुलिस सुबह से ही हाईवे पर जाम को लेकर अलर्ट थी और बाजार की भीड़ के कारण वाहन रेंग- रेंग कर गुजरे।
जाम में फंसे बंगाली कालोनी निवासी श्यामल मिर्धा व ग्राम दलकी के प्रधान धर्मपाल गंगवार व सकटुआ के प्रधान लखवीर सिंह लड्डू का कहना था कि डीएम के आदेश के बाद भी पुलिस प्रशासन ने व्यापार मंडल के साथ जाम से निपटने की मजबूत रणनीति अभी तक बनाई ही नहीं है। डंडिया निवासी सुभाष गोयल व ग्राम बेगमाबाद के प्रधान राजेंद्र सिंह मिंटू व अहरो के पूर्व प्रधान शौकतयार खां का कहना है कि शनिवार के दिन का जाम सभी को रुला देता है। वहीं, अरोरा कालोनी निवासी कुलविंद्र सिंह बाजबा व पंजाबी कालोनी निवासी सोनू बंसल व मोनू बंसल का कहना है कि बाजार के दिन लगने वाले जाम के कारण बच्चों को खुद ही भीषण गर्मी में स्कूल से लाना पड़ता है। वहीं, एसडीएम डीएस गुप्ता ने बताया कि शीघ्र ही बैठक करके जाम की समस्या का समाधान किया जाएगा।