रामपुर। सफाई निरीक्षक को धमकाने व जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने के मामले में कोर्ट ने पूर्व सभासद को दो साल की कैद व 50 हजार रुपये जुर्माना अदा करने की सजा सुनाई है। कोर्ट ने जुर्माने की आधी राशि पीड़ित सफाई निरीक्षक को देने के आदेश दिए हैं।
धमकाने का यह मामला गंज थाना क्षेत्र का है। अभियोजन पक्ष के अनुसार पांच सितंबर 22 को पालिका के सफाई निरीक्षक द्वारिकानाथ खटकान में निरीक्षण करने गए थे, जहां उन्हें चार सफाई कर्मचारी मौजूद मिले। सफाई नायक से जब गैर हाजिर कर्मचारियों के बारे में पूछताछ की जा रही थी। तभी तत्कालीन सभासद रहमतुल्ला खां उर्फ अबू साहब आ गए।
आरोप है कि उन्होंने खुद को सभासद बताते हुए सफाई निरीक्षक के साथ गाली गलौज की और और जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। आरोप है कि पूर्व सभासद सफाई कर्मचारी की फावड़ा लेकर मारने के लिए दौड़ पड़े और धमकाया। इस मामले में गंज थाने में मामला दर्ज कराया गया था।
मामले की विवेचना तत्कालीन क्षेत्राधिकारी नगर अनुज कुमार चौधरी ने करते हुए चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की थी। कोर्ट में अभियोजन की ओर से कुल आठ गवाह प्रस्तुत किए गए। अभियोजन की ओर से संयुक्त निदेशक अभियोजन रोहताश कुमार पाण्डेय व अभियोजन अधिकारी पुनीत कुमार ने रखते हुए आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की। कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद आरोपी पूर्व सभासद रहमतुल्ला खां उर्फ अबू साहब को दो साल का कठोर कारावास व 50 हजार रुपये जुर्माना अदा करने की सजा सुनाई है।
अभियोजन अधिकारी के अनुसार जुर्माना की 50 हजार रुपये की राशि में से 25 हजार रुपये की धनराशि पीड़ित सफाई निरीक्षक मानसिक क्षतिपूर्ति के रूप में प्रदान करने का आदेश दिया है।