दयावती मोदी के जन्मशती के मौके पर चल रहे समारोह के दूसरे दिन चीन, अमेरीका व सिंगापुर से जुड़े उद्यमियों ने स्मार्ट विश्वास ग्लोबल के चेयरमैन डा.बीके मोदी के सोलर प्लांट प्रोजेक्ट को खूब सराहा। साथ ही प्रदूषणमुक्त भारत की स्थापना पर भी जोर दिया। इस दौरान स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट में भी अपना भरपूर सहयोग देने की बात कही।
दयावती मोदी अकादमी एवं ग्लोबल सिटीजन फोरम की ओर से तीन दिन तक चलने वाले समारोह के दूसरे दिन सोमवार को देश को ग्लोबल लीडर कैसे बनाया जाने व सेटेलाइट स्मार्ट सिटी विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। ग्रुप के नए प्रोजेक्ट दफ्तर में आयोजित सेमिनार में अमेरीका, चीन व सिंगापुर से भी विदेशी मेहमानों ने शिरकत की।
उस दौरान विदेशी मेहमानों ने बीके मोदी के इस प्रोजेक्ट को भी खूब सराहा। साथ ही सौर ऊर्जा के प्लांट को लगाने में भरपूर सहयोग देने और प्रदूषण मुक्त शहर और देश बनाने पर जोर दिया। कहा कि सौर ऊर्जा के इस्तेमाल से ही प्रदूषण दूर हो सकेगा। इस दौरान भानुपुरा पीठ के शंकराचार्य स्वामी दिव्यानंद जी महाराज से इन लोगों ने आशीर्वाद प्राप्त किया।
कहा कि भारत को प्रदूषण मुक्त बनाने में बीके मोदी का सहयोग सराहनीय है। इस मौके पर भजन संध्या का आयोजन किया गया,जिसमें अशोक पांडे ने भक्ति गीतों को प्रस्तुत कर रंग जमाया। इस दौरान लोग भक्ति में डूब गए। शाम को गजल गायक सखावत हुसैन ने गजलें पेश कर समां बांध दिया।
गजलों का कार्यक्रम देर शाम तक चला। इससे पहले सुबह के वक्त आर्ट आफ लिविंग की ओर से मीनाक्षी गुप्ता ने योग भी कराया। इस मौके पर प्रधानाचार्या डा.सुमन तोमर, आशुतोष सक्सेना आदि मौजूद रहे।