रामपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत स्वार में कार्रवाई करते हुए 103.250 किलोग्राम संदिग्ध चाय की पत्ती सीज कर दी। टीम ने दो नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। रिपोर्ट आने तक संबंधित कारोबारी को चाय की पत्ती की बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजीव सिंह के नेतृत्व में मोहल्ला रसूलपुर स्थित इमरान इंटरप्राइजेज पर छापेमारी की गई। निरीक्षण के दौरान गुड वाइल टी और खुली चाय के नमूने लिए गए। गुणवत्ता संदिग्ध और मिथ्याछाप होने की आशंका पर करीब 70.250 किलोग्राम गुड वाइल टी तथा 33 किलोग्राम खुली चाय, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये है, सीज कर दी गई।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजीव सिंह ने बताया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप न मिलने या मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित कारोबारी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामचन्द्र यादव, देवकांत और राहुल शुक्ला मौजूद रहे।