बर्फीली हवाओं से बच्चे ही नहीं बड़े भी कांप रहे हैं, कई बच्चे तो बीमार भी हो चले हैं लेकिन रामपुर के डीएम को ठंड नहीं लग रही है। ऐसे में बच्चों की स्कूल जाने में दिक्कत बढ़ रही है। आसपास के जिलों में 15 जनवरी तक सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं, लेकिन रामपुर में प्रशासन ने छुट्टी ही नहीं की है। वहीं गुरुवार को दिन भर निकली धूप भी लोगों को शीतलहर से राहत नहीं दे सकी।
पहाड़ों पर बर्फवारी का असर मैदानी इलाकों में साफ दिख रहा है। नैनीताल से महज सौ किमी दूर रामपुर में गुरुवार को भी कड़ाके शीतलहर का प्रकोप रहा। सुबह से ही बर्फीली हवाओं के झोंके लोगों को कंपकपाते रहे।
तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस तक खिसक कर आ गया। कड़ाके की ठंड के बीच ही बच्चे स्कूल तक ठिठुरते हुए पहुंच रहे हैं। सर्द भरी हवाओं ने उनकी दिक्कत को बढ़ा दिया है। दिन भर चली हवाएं लोगों को परेशान कंपकंपाती रहीं। उन स्कूल के बच्चों को ज्यादा दिक्कत हो रही है जो खुले आसमान के नीचे पढ़ाई करने को मजबूर हैं। उधर शीतलहर से निमोनिया और डायरिया बच्चों में बढ़ रहा है, डाक्टरों के पास 25 फीसदी बीमार बच्चों की संख्या बढ़ गई है।