हिमाचल प्रदेश के सोलांग वैली में स्थित माउंट पर्वत पर तिरंगा लहराती रामपुर इम्पेक्ट कॉलेज की छा?
- फोटो : RAMPUR
रामपुर। इम्पैक्ट कॉलेज की बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा रिजवाना ने माउंट फ्रेंडशिप चोटी पर तिरंगा फहरा दिया है। यह पर्वत चोटी हिमाचल प्रदेश में स्थित हैं, जो समुद्र तल से 5289 मीटर की ऊंचाई पर है। उनके साथ टीम में सात अलग-अलग राज्यों के 20 युवा भी शामिल थे।
इम्पैक्ट कॉलेज की बीए द्वितीय वर्ष की होनहार छात्रा रिजवाना सैफी ने हिमाचल प्रदेश के सोलांग वैली में स्थित माउंट फ्रेंडशिप (5289 मीटर) पर्वत की चढ़ाई 24 अक्तूबर को सफलतापूर्वक पूरी की। इस मिशन में माउंटेनियर रिजवाना सैफी के साथ टीम लीडर राहुल गुप्ता और सात अलग-अलग राज्यों के 20 युवा भी शामिल थे। इस टीम ने 17 अक्तूबर को अपना मिशन हिमाचल प्रदेश के मनाली से शुरू किया था। रिजवाना ने बताया कि फतेह की गई चोटी का तापमान माइनस दस डिग्री था। उनका कहना है कि यदि आपके अंदर कुछ करने का जज्बा है, तो आप कभी भी किसी काम से हार नही मान सकते हैं। यदि हमारे हौसलों में जान है तो हमारे लिए कुछ भी नामुमकिन नहीं है। हमारा सपना है दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को फतह करना। हमें यकीन है कि जल्द ही इस सपने को भी पूरा करेंगे। कॉलेज के अध्यक्ष सुल्तान अहमद सैफी ने बताया कि रिजवाना ने जम्मू कश्मीर के जिम इंस्टीट्यूट से मांउटेनरिंग के बेसिक व एडवांस कोर्स ए ग्रेड से हासिल किए हैं। उन्हीं के साथ चतुर्थ वुशु फेडरेशन और स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2012 में ब्रॉउन मेडल और वुशु स्पोर्ट फेडरेशन कप 2012 में सिल्वर मेडल प्राप्त किया। 2013 में माउंट स्टॉक कांगड़ी, जिसकी ऊंचाई 6135 मीटर है व 2015 में माउंट गोल्फ कांगड़ी 6125 मीटर लेह लद्दाख में फतह की। साथ ही साथ 2013 से 2016 तक जिम इंस्टीट्यूट में गेस्ट इंस्ट्रक्टर का पदभार संभाला। 21 और 25 किलोमीटर की दौड़ में जिलाधिकारी से गोल्ड मेडल हासिल करने वाली रिजवाना सैफी ने 7077 मीटर की पहाड़ी पर भी अपने पैर जमाए।