रामपुर। भगवान वाल्मीकि प्रकटोत्सव पर नगर में प्रभात फेरी निकाली गई। इसके बाद शाम को भजन संध्या का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी का कई स्थानों पर स्वागत किया गया।
भगवान वाल्मीकि सेवा समिति की ओर से भगवान वाल्मीकि प्रकटोत्सव के अवसर पर प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी मोहल्ला संजय नगर हाथीखाना से प्रारंभ हुई। प्रभात फेरी का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता ने भगवान वाल्मीकि के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद प्रभात फेरी मोहल्ला बेलदरान, झंडा, पक्का बाग, अस्तबल से होते हुए दोबारा हाथीखाना पहुंचकर संपन्न हुई। कई स्थानों पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर प्रभात फेरी का स्वागत किया। इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजक लववीर चौहान ने कहा कि सामाजिक चेतना के लिए युवाओं की सामाजिक भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाज के लोग शिक्षा को अपनी तरक्की का रास्ता बनाएं। समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने के लिए भी लोगों को जागरूक होने की अपील की। महामंत्री विवेक सिंधवासी ने कहा कि समाज में व्याप्त अंधविश्वास, आडंबर की समाप्ति के लिए युवाओं की भूमिका अहम है। इस अवसर पर राकेश सिंधवासी, सुदेश चौहान, सल्वेंद्र विराट, दीपलव, जितेंद्र, जसपाल, विक्की राज, शशांक राज, राजवीर, हिमांशु चौहान, आदित्य सेठ, वेदप्रकाश, प्रेमप्रकाश, नीरज चौहान, विशाल, अविनाश, सुुमित कठेरिया आदि मौजूद रहे।
इसके साथ ही भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज के राष्ट्रीय प्रमुख भीम अनार्य ने भी शनिवार को निकलने वाली प्रभात फेरी के लिए विभिन्न मोहल्लों में भ्रमण कर जनसंपर्क किया। उन्होंने तोपखाना, मदरसा कोहना, अस्तबल, पक्का बाग, हाथीखाना मोहल्लों में संपर्क कर लोगों से कोरोना गाइडलाइन का अनुपालन कर भगवान वाल्मीकि प्रकटोत्सव मनाने की अपील की और प्रभात फेरी में शामिल होने को कहा। उन्होंने कहा कि समाज के लोग शरद पूर्णिमा पर खीर को खुले आसमान के नीचे रखें और प्रभात फेरी के बाद उसका वितरण करें। साथ ही वाल्मीकि मंदिरों में रोशनी कर रामायण का पाठ करें। इस दौरान रामगोपाल कठेरिया, शंकर बब्लू, दिनेश बाबू, शिवम राज, कमल द्रविड़, शिवेंद्र भारती, शिवा, शरद राज, अनिल राज, कमल आंबेडकर आदि मौजूद रहे।