शाहबाद। केसरपुर गांव में रविवार शाम एक मकान का छज्जा गिरने से उसके नीचे दबकर पांच वर्षीय मासूम आरब की मौत हो गई, जबकि एक किशोर घायल हो गया। परिजन आरब को अस्पताल ले गए, लेकिन हायर सेंटर ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। आरब अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया कि रविवार शाम करीब 6:30 बजे आरब के चाचा ओमपाल दरवाजे के ऊपर बने छज्जे पर चढ़कर घर की बिजली का तार ठीक कर रहे थे। इसी दौरान छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। छज्जे के नीचे खड़े सत्यपाल का बेटा आरब और दिनेश का बेटा आलोक (15) मलबे में दब गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
घायलों को शाहबाद के एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने आरब की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार मुरादाबाद ले जाते समय सैफनी के पास रास्ते में ही आरब ने दम तोड़ दिया।
मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों के अनुसार आरब परिवार का इकलौता बेटा था। उसके निधन से परिवार पूरी तरह टूट गया है और घर में मातम पसरा है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।