मुरादाबाद में शुक्रवार रात कटघर रेलवे स्टेशन से निकलते ही अमृतसर-टाटानगर (जलियांवाला बाग एक्सप्रेस) के तीन कोच पटरी से उतर गए। हादसे के बाद डाउन लाइन पर रेल यातायात पूरी तरह से बाधित हो गई।
स्टेशन अधीक्षक आरडी मीणा ने बताया कि हादसे के बाद आनंद विहार-लखनऊ डबल डेकर, दिल्ली-फैजाबाद एक्सप्रेस, दिल्ली-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस, देहरादून-हावड़ा एक्सप्रेस, लखनऊ मेल, शहीद एक्सप्रेस, रानीखेत एक्सप्रेस, इलाहाबाद-हरिद्वार एक्सप्रेस, नौचंदी एक्सप्रेस समेत रात साढ़े दस बजे के बाद की सभी ट्रेनें तीन से छह घंटे तक लेट रहीं।
कुछ ट्रेनें इससे भी अधिक विलंब से पहुंची। डाउन लाइन शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे के बाद सुचारु हो सकी। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि इस दौरान लखनऊ-सहारनपुर पैसेंजर दोनों दिशाओं में, काठगोदाम-रामनगर पैसेंजर दोनों दिशाओं में और बरेली-दिल्ली (इंटरसिटी एक्सप्रेस) को रद करना पड़ा।