रामपुर। मीना बाजार में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित राम-रहीम शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण एक वर्ष बाद भी शुरू नहीं हो सका है। योजना के तहत 140 दुकानें बनाई जानी थीं। साथ ही आठ माह में निर्माण पूरा करने का दावा किया गया था। ऐसे में अतिक्रमण अभियान की जद में आए दुकानदार अब खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।
करीब एक साल पहले शौकत अली रोड, शिवि सिनेमा, पुराने रोडवेज बस स्टेशन और राम-रहीम पुल के आसपास अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था। कार्रवाई की जद में आए 67 दुकानदारों की रोजी रोटी पर संकट खड़ा हो गया था। कारोबार छिनने से आक्रोशित दुकानदारों को भरोसा दिलाया गया था कि आठ में राम-रहीम शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण पूरा कर उन्हें प्राथमिकता से दुकानें आवंटित की जाएंगी, लेकिन एक वर्ष बीतने के बाद भी प्रस्ताव कागजों से बाहर नहीं निकल सका है।
धरातल पर कार्य न होने से दुकानदारों की उम्मीदें व धैर्य जवाब दे रहा है। दुकानदारों का कहना है कि नए कॉम्प्लेक्स की योजना से उन्हें उम्मीद थी कि वे फिर से अपना कारोबार शुरू कर सकेंगे पर प्रोजेक्ट में हो रही देरी ने रोजगार लौटने की उम्मीद को धुंधला कर दिया है।
उनका कहना है कि एक वर्ष पहले शहर विधायक आकाश सक्सेना ने भी दुकानदारों का पक्ष प्रशासन के समक्ष रखा था। इसके बावजूद अब तक धरातल पर कार्य शुरू नहीं होने से योजना पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
7.50 लाख रुपये रखी गई थी एक दुकान की कीमत
प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स में प्रत्येक दुकान की कीमत 7.50 लाख रुपये निर्धारित की गई थी। दुकान करीब 226 वर्ग फिट में बनाई जानी थी। योजना के तहत व्यापारी को दुकान के लिए पहले 50 प्रतिशत रकम जमा करनी होगी। इसके बाद शेष 50 प्रतिशत रकम दो समान किस्तों में यानी 25-25 प्रतिशत के हिसाब से भुगतान करना होगा। दुकानदारों से रकम मिलने के बाद कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया अपनाई जानी है। हालांकि दुकानदारों को यह बात पसंद नहीं आई थी और उन्होंने इस पर आपत्ति भी जताई थी।
-
शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है। दुकानदारों से बात कर और अड़चनों को दूर करके जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। -सना खानम, पालिकाध्यक्ष, रामपुर
0000
शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण के मामले में अभी एस्टीमेट तैयार करने के लिए कोई दिशा-निर्देश नहीं मिले हैं। निर्देश मिलेंगे तो एस्टीमेट तैयार किया जाएगा। -उमेश बाबू, सहायक अभियंता, (निर्माण), नगर पालिका, रामपुर
00000
बोले दुकानदार
हमसे यह कहा गया था कि दुकानें दी जाएंगी लेकिन अभी तक दुकानें नहीं दी गई हैं। अब परेशान होकर दूसरी जगह दुकान ले ली है। यदि शाॅपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण शुरू हो जाता तो परेशानी नहीं होती। -फरीद
-
सालभर पहले कोशिश की गई थी कि दुकानें मिलेंगी लेकिन अभी तक इसका निर्माण शुरू नहीं हुआ है। प्रशासन को इस पर ध्यान देना चाहिए। इसका निर्माण जल्द कराना चाहिए। -असलम
-