रामपुर। राजकीय रजा स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एनसीसी फायरिंग रेंज का शुभारंभ हुआ। इससे महाविद्यालय में ही छात्र छात्राओं को फायरिंग का अभ्यास करने का मौका मिल सकेगा। इसके साथ ही दूसरे महाविद्यालयों के छात्र छात्राएं भी यहीं प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।
फायरिंग रेंज का शुभारंभ मुख्य अतिथि पैक्सपेड के चेयरमैन सूर्यप्रकाश पाल एवं विशिष्ठ अतिथि पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय पाल शर्मा एवं पीएसी के कमान अधिकारी कर्नल संजय सिन्हा ने किया। प्राचार्य डॉ. पीके वार्ष्णेय ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद सूबेदार सोनवीर सिंह, हवलदार गिरी राज सिंह, नायक सुरजीत सिंह ढाका ने एनसीसी कैडेट्स को परेड ड्रिल, फायरिंग हेतु निर्देश दिए गए। इस अवसर पर पैक्सपेड के चेयरमैन ने कहा कि युवा ही राष्ट्र की नींव हैं। लेकिन, एक मजबूत युवा ही देश का निर्माण करने में सक्रिय भूमिका निभा सकता है। पुलिस अधीक्षक ने छात्रों को अनुशासन का महत्व समझाया। कहा कि राष्ट्र सेवा एवं समाजसेवा का जज्बा ही युवाओं को आगे लेकर जाएगा। कर्नल संजय सिन्हा ने कहा कि फायरिंग रेंज के आरम्भ होने से युवा कैडेट्स लक्ष्य के प्रति अनुशासित होंगे। फायरिंग रेंज पर 50 छात्रा कैडेट्स, 55 छात्र कैडेट्स ने पांच पांचराउंड फायर किए। कैप्टन डॉ. प्रवेश कुमार ने बताया कि राजकीय रजा स्नातकोत्तर महाविद्यालय पूरे प्रदेश में ऐसा पहला महाविद्यालय है, जिसमें फायरिंग रेंज शुरु हुई है। इस अवसर पर डॉ. रामकुमार, डॉ. हितेन्द्र, डॉ. शैलेन्द्र, डॉ. सुरेंदर कुमार गौतम, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. मोनिका खन्ना, डॉ. विनीता सिंह आदि मौजूद रहे।