बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र में काशीपुर हाईवे पर रविवार रात स्कॉर्पियो सवार एक व्यापारी पर बाइक सवार तीन युवकों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। हमले में व्यापारी बाल-बाल बच गया, जबकि उसकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
ग्राम मनिहारखेड़ा निवासी विजय की रुद्रपुर के बगवाड़ा में दुकान है। पुलिस के अनुसार विजय ने प्राथमिकी में बताया कि रविवार शाम करीब सात बजे वह अपनी स्कॉर्पियो से रुद्रपुर गए थे। गाबा चौक पर अपने दोस्त रवि, नजर अली और महेश दास के साथ जूस पीते समय उनकी गाड़ी एक स्टील पाइप पर चढ़ गई, जिसको लेकर कुछ युवकों से कहासुनी हो गई थी। बाद में लोगों ने मामला शांत करा दिया।
इसके बाद विजय अपनी स्कॉर्पियो से बगवाड़ा स्थित दुकान के लिए निकल गए। काशीपुर हाईवे पर ग्रीन पार्क से आगे एक स्कूल के पास पीछे से बाइक पर आए तीन युवकों ने ड्राइवर साइड से तमंचे से फायरिंग कर दी। विजय किसी तरह जान बचाकर मौके से निकल गए।
सोमवार दोपहर विजय ने कोतवाली पहुंचकर तीन अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाली प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।