दावत खा कर लौट रहे बाइक सवार दंपति पर पुरानी रंजिश के चलते तीन युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से पति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी व मासूम बच्ची बाइक से गिरकर घायल हो गये। शोरशराबा पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
उत्तराखंड के बाजपुर निवासी भूरा अली का बेटा जाकिर अली तहसील टांडा क्षेत्र के गांव दढ़ियाल निवासी अपनी खाला शकीला पत्नी पीर बख्श के यहां से ईदुल अजहा की दावत खाकर लगभग सात बजे अपने घर वापस जा रहा था। जैसे ही मुरादाबाद मार्ग स्थित गांव मुंशीगंज भट्टे के पास पहुंचा तभी पीछे से आ रहे तीन युवकों ने बाइक सवार दंपति को रोक लिया और बाइक सवार पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
गोली लगने से जाकिर की मौके पर मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी व मासूम बेटी बाइक से गिरकर घायल हो गये। फायरिंग की आवाज सुन ग्रामीण मौके पर पहुंच गये। जिन्हें देख बाइक सवार युवक जाकिर की बाइक लेकर फरार हो गये। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। घायलों को उपचार के लिये सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां महिला सहित बालिका को उचित उपचार के लिये जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। कोतवाल हरीश चंद्र जोशी ने बताया कि घटना रंजिशन है। शीघ्र घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।