रामपुर। मसवासी क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते एक ग्रामीण पर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में ग्रामीण बाल-बाल बच गया और अंधेरे का फायदा उठाकर गेहूं के खेत में छिपकर अपनी जान बचाई। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
चौकी क्षेत्र के गांव मिलक-भूबरी निवासी किसान मक्खन सिंह का खेत जमना-जमनी गांव में कोसी नदी किनारे स्थित है। बताया जाता है कि तीन दिन पहले खेत के पास से रेत उठाने को लेकर उसकी खनन से जुड़े लोगों से कहासुनी हो गई थी।
आरोप है कि विरोध करने पर उन लोगों ने मक्खन सिंह को बंधक बनाकर मारपीट भी की थी, जिसकी रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है। इसी रंजिश के चलते शनिवार देर रात मक्खन सिंह का भाई रामपाल बाइक से मुंशीगंज मार्ग होते हुए मिलक-भूबरी पुलिया से घर लौट रहा था। तभी रास्ते में अज्ञात हमलावर ने उस पर फायर झोंक दिया। रामपाल ने किसी तरह अंधेरे का फायदा उठाकर पास के गेहूं के खेत में छिपकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना रामपाल ने डायल 112 पुलिस और परिजनों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। चौकी प्रभारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।