रामपुर। टांडा थाना क्षेत्र में लाइनमैन की गैर इरादतन हत्या के आरोप में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर जेई सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टांडा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी नसीर अहमद ने कोर्ट में शिकायत्र पत्र देकर आरोप लगाया था कि उनका भाई इशत्याक आठ साल से बंजरिया बिजलीघर में दिहाड़ी मजदूरी पर लाइनमैन का काम करता है। आरोप है कि आठ अक्तूबर को इशत्याक को जेई राजेंद्र सिंह और बिजली कर्मियों ने नंगली गांव के पास लाइन ठीक करने के लिए बुलाया था। इस बीच बिजली सप्लाई बंद कर दी गई थी।
आरोप है कि जैसे ही इशत्याक लाइन ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ा तो जेई और बिजली कर्मियों ने सप्लाई शुरू कर दी। करंट से इशत्याक बुरी तरह झुलस गया। आनन-फानन में लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना पर परिजन मौके पर आ गए और घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उसने घटना की जानकारी टांडा पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
बाद में पीड़ित के भाई नसीर अहमद ने कोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की थी। जिस पर कोर्ट ने टांडा पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए थे। इसके बाद टांडा पुलिस ने जेई राजेंद सिंह, लाइनमैन सुरेश, अंकित और महेश मास्टर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। टांडा कार्यवाहक थाना प्रभारी विजय पाल ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर जेई सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले में जांच की जा रही है।