रामपुर। घर में घुसकर लूटपाट करने, जान से मारने की नियत से फायर करने और घर से बाहर कर उस पर बुल्डोजर चला देने के मामले में गंज थाना की पुलिस ने पूर्व सीओ आलेहसन, तत्कालीन दरोगा फिरोज खां, ठेकेदार बरकत अली और सीएनडीएस के स्थानीय अभियंता परवेज आलम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। रिपोर्ट अबरार हुसैन की शिकायत पर दर्ज की गई है।
अबरार हुसैन का आरोप है कि छह दिसंबर 2016 की रात आरोपी डूंगरपुर स्थित उसके घर में घुस आए थे। आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए घर में रखा वाशिंग मशीन, फ्रीज, एलसीडी,तीन तोला सोना, 10 तोला चांदी और पांच हजार रुपये लूटकर ले गए। विरोध करने पर आरोपियों ने फायरिंग भी की, जिसमें वह बाल-बाल बच गया है। अबरार हुसैन का आरोप है कि आरोपियों ने उसके घर से बाहर निकालकर उस बुल्डोजर चलवा दिया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 447, 452, 504, 506, 307 और 392 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।