स्वार (रामपुर)। सड़क हादसे में पशु की मौत के बाद रहमतगंज में ग्रामीणों द्वारा मार्ग पर लगाए गए जाम के बाद मसवासी चौकी प्रभारी ने 19 ग्रामीणों के खिलाफ कोतवाली पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से ही ग्रामीण अपने-अपने घरों से गायब हो गए हैं।
सोमवार को तहसील क्षेत्र के गांव घोसीपुरा पट्टीकला की ओर से तेज गति से आ रहे डंपर ने रहमतगंज गांव निवासी संजीव कुमार की भैंस को रौंद दिया था। जिससे उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने चालक सहित डंपर को पकड़ लिया था लेकिन, ग्रामीण पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं थे और जाम लगाकर प्रदर्शन करने लगे थे। जिस पर सीओ धर्म सिंह मार्छल के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया था। इसके बाद मंगलवार को भी ग्रामीणों ने जाम लगा दिया था। इस पर बुधवार की देर रात मसवासी चौकी प्रभारी आंनद वीर सिंह ने गांव रहमत गंज निवासी संजय यादव, अशोक यादव, भीष्म यादव, वीरेंद्र यादव, सुरेश, सर्वेश कुमार, सुरेश कुमार, महेश कुमार, चरण सिंह व आठ-दस अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस क्षेत्राधिकारी धर्म सिंह मार्छल ने बताया कि मामले में आईपीसी की धारा 143, 145 और 342 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।