आरोपी युवक पहले से ही एक अन्य युवती के अपहरण के मामले में जेल में है बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहबाद। कक्षा 10 की छात्रा से दुष्कर्म करने के आरोप में दूसरे समुदाय के युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। युवक पहले से ही दूसरी युवती के अपहरण के आरोप में जेल में बंद है।
ढकिया चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने गांव के ही दूसरे समुदाय के निजामुद्दीन के खिलाफ अपनी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित पिता का आरोप है कि आरोपी युवक सिलाई का कारखाना चलाता है। उसने उनकी नाबालिग बेटी को बहला फुसलाकर उसके साथ दिसंबर 2024 से लेकर दिसंबर 2025 तक कई बार शारीरिक शोषण किया।
आरोप है कि निजामुद्दीन के मोबाइल में किशोरी के आपत्तिजनक फोटो हैं। इन फोटो के आधार पर वह उनकी बेटी को ब्लैकमेल करता था और इसी आधार पर जबरदस्ती दुष्कर्म करता था। घर में बताने पर आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी देता था। इसी वजह से इनकी बेटी ने यह बात छिपाकर रखी।
हाल ही में उनकी बेटी के पास एक मोबाइल पाया गया, तो बेटी ने बताया कि यह मोबाइल निजामुद्दीन ने दिया और उसमें निजामुद्दीन का मोबाइल नंबर और भेजे गए मैसेज भी पाए गए। सीओ देवकीनंदन ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि दुष्कर्म का आरोपी एक युवती को भगाने के आरोप में हफ्तेभर पहले ही जेल भेज दिया है। अब जेल में बंद आरोपी निजामुद्दीन पर दूसरी युवती के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।