शाहबाद (रामपुर)। बृहस्पतिवार की रात किन्नरों के दो गुटों में जमकर मारपीट हो गई। लाठी-डंडों से हुई इस झड़प में तीन किन्नर और एक युवक समेत चार लोग घायल हो गए। आरोप है कि आरोपियों ने पीड़ित पक्ष के बाल काट दिए, जान से मारने की धमकी भी दी और पेशाब पिलाने की कोशिश भी की गई है। पुलिस ने दो किन्नरों समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित युवक अनिल कुमार के मुताबिक लिंग परिवर्तन कराने वाले किन्नर सपना उर्फ राजकुमार को संरक्षण दिया था। इसी सरंक्षण को लेकर युवक अनिल और उसके साथी, दूसरे गुट के निशाने पर थे। छह माह पहले सपना ने किन्नर रवीना उर्फ सुनील और उसके साथी विकास पर जबरन लिंग परिवर्तन कराने का आरोप लगाया था, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को जेल भेजा था। हालांकि लंबी जांच के बाद रवीना और विकास निर्दोष पाए गए और जेल से रिहा हो गए। इसके बाद पुलिस ने झूठे आरोप लगाने के मामले में सपना उर्फ राजकुमार समेत दो किन्नरों को जेल भेजा था। जेल से छूटने के बाद जब सपना को अनिल ने अपने घर पर शरण दी तो यह बात रवीना उर्फ सुनील, विकास, इदरीश और सना उर्फ नासिर निवासी उझानी, जनपद बदायूं को नागवार गुजरी। आरोप है कि बृहस्पतिवर रात करीब सात बजे रवीना और इदरीश ने अनिल को फोन कर आंवला रोड पर बातचीत के बहाने बुलाया। अनिल अपने साथ काव्या उर्फ राहुल, मुस्कान उर्फ छोटेलाल और सपना उर्फ राजकुमार के साथ वहां पहुंचा तो चारों को घर के अंदर बंद कर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पीटा गया। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए अनिल के तीनों साथियों के बाल काट दिए और जान से मारने की धमकी दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल पीड़ितों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। अनिल कुमार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रवीना उर्फ सुनील, विकास, इदरीश और सना उर्फ नासिर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि इनका विवाद एरिया के बंटवारे को लेकर हुआ है। साथ ही आरोपियों की धर-पकड़ के लिए दबिश दी गई है।
एक जुलाई 2025 को किन्नर की पत्नी ने आरोपी किन्नर रुबीना और विकास पर जबरन लिंग परिवर्तन कराने का आरोप लगाया था, जिन्हें पुलिस ने तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस के मुताबिक, सुनील ने पत्नी को गुमराह करने और झूठी कहानी बनाने के लिए मोबाइल स्विच ऑफ कर अपने साथी के फोन से जबरन लिंग परिवर्तन की फर्जी कहानी सुनाई थी। जांच में सामने आया कि सुनील स्वयं ही दिल्ली के एक अस्पताल में विधि माली नाम से भर्ती होकर सर्जरी कराई थी। पुलिस जांच में पाया गया था कि यह लिंग परिवर्तन युवक ने स्वेच्छा से और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर साजिशन कराया था। पुलिस ने आरोपी किन्नर सपना और उसके साथी किन्नर अय्यूब अली उर्फ मुस्कान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। यह वही किन्नर सपना है जिसको अनिल कुमार ने सरंक्षण दिया है और इसी को लेकर विवाद हो गया। संवाद