मिलक। नगर के सरकारी अस्पताल में गर्भवती महिला के परिजनों और अस्पताल कर्मियों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। दोनों ही पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए कोतवाली में एक दूसरे खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने दोनों की तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
अस्पताल में तैनात स्टाफ नर्स प्रीति ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि शुक्रवार की रात नौ बजे क्षेत्र के गंगापुर शर्की निवासी गर्भवती महिला रचना को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब नर्स ने बताया कि अभी डिलीवरी में समय लगेगा। शनिवार सुबह नौ बजे महिला के रिश्तेदार और परिजन अस्पताल पहुंचे। उस पर जबरदस्ती डिलीवरी के लिए दबाव बनाने लगे। मना करने पर चार-पांच लोगों ने उनके साथ गाली गलौज और मारपीट की।
अस्पताल कर्मियों ने बीच बचाव का प्रयास किया तो उनके साथ भी गाली गलौज की। दूसरे पक्ष के गंगापुर महिला रचना के पति जयविंद पांडे ने पुलिस को तहरीर दी। उसने पुलिस को बताया कि वह पत्नी को अस्पताल लेकर आए थे। अस्पताल में कोई डाक्टर और स्टाफ ड्यूटी नहीं कर रहा था। डाॅक्टर और महिला चिकित्सक एक कमरे में सो रहे थे। उसने दोनों को उठाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं उठे। उसकी पत्नी दर्द से परेशान हो रही थी। शनिवार की सुबह साढ़े आठ बजे उसने महिला चिकित्सक को उठाने का प्रयास किया। डॉ. ने उस पर गुस्सा होते हुए कहा कि के रात में डिलीवरी केस नहीं देखते हैं। आरोप लगाया कि डिलीवरी के नाम पर हजारों रुपये की मांग की। उसने रुपये देने से मना किया तो डाक्टर, महिला चिकित्सक और अस्पताल के स्टाफ ने उसे गालियां देते हुए मारपीट की। झगड़े की सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने ग्राम दुआवट निवासी उसके साढ़ू प्रदीप को पकड़ लिया और अपने साथ ले गई।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बासित अली ने बताया कि गर्भवती महिला को अस्पताल लाया गया था। नार्मल डिलीवरी कराने का प्रयास अस्पताल की स्टाफ नर्स ने किया। रात्रि में डिलीवरी नहीं हुई। सुबह होने पर महिला के परिजन जबरदस्ती डिलीवरी कराने का दबाव बनाने लगे। मना करने पर मरीज के परिजनों ने अस्पताल के स्टाफ के साथ मारपीट की। उनकी सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और एक युवक को पड़कर कोतवाली ले गई। कोतवाल पुष्कर सिंह ने बताया कि मरीज के परिजनों और अस्पताल के स्टाफ ने मारपीट की तहरीर दी है। दोनों पक्षों के की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।