रामपुर। मुख्यमंत्री ग्रामीण परिवहन योजना के तहत संचालित बस सेवा रफ्तार नहीं पकड़ पा रही है। यात्री नहीं मिलने से बसों का कोरम पूरा नहीं हो रहा है और राजस्व भी प्रभावित हो रहा है। बसों का तेल खर्च निकालना भी मुश्किल हो रहा है।
योजना के तहत शहर से तीन बसों का संचालन केमरी, बिलासपुर और स्वार रूट पर किया जा रहा है, लेकिन इन बसों को पर्याप्त यात्री नहीं मिल रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए प्रति बस केवल 6-7 यात्री ही मिल पा रहे हैं। इससे राजस्व पर असर पड़ रहा है और नई बस सेवा भी सफल होती नहीं दिख रही है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी ग्रामीण क्षेत्रों तक बस सेवा पहुंचाने की योजना चलाई गई थी, लेकिन वह भी सफल नहीं हो सकी थी।
डिपो प्रभारी रामप्रकाश ने बताया कि यात्रियों की संख्या बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण भी लोग कम यात्रा कर रहे हैं, जिससे सभी रूटों पर यात्रियों की संख्या कम बनी हुई है।